आक्रोश: मोटर मार्ग की बदहाली के चलते लोग परेशान, ग्रामीणों ने प्रशासन को दी आंदोलन की चेतावनी

आक्रोश: मोटर मार्ग की बदहाली के चलते लोग परेशान, ग्रामीणों ने प्रशासन को दी आंदोलन की चेतावनी
Spread the love

रुद्रप्रयाग। ऊखीमठ ब्लॉक के सल्या-तुलंगा के लिए प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना में बन रहे सल्या-तुलंगा मोटर मार्ग की स्थिति बदहाल बनी है। 5 किमी सड़क की कटिंग तो पूरी कर दी गई, किंतु सड़क की स्थिति उबड़-खाबड़ बनी है। यह मार्ग वर्तमान में ग्रामीणों के लिए जी का जंजाल बना है। ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र मोटर मार्ग नहीं बनाया गया तो वे आंदोलन को मजबूर होंगे। ऊखीमठ ब्लॉक के सल्या, तुलंगा, तेवगड़, ल्वाड़ी आदि गांवों की करीब 10 हजार की आवादी को इस मोटर मार्ग से लाभ होना था। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना में भले ही 5 किमी सड़क का कटिंग का काम पूरा तो कर दिया गया है, किंतु बीते कई समय से सड़क पर काम बंद पड़ा है।
तुलंगा ग्राम पंचायत के प्रशासक नवीन रावत ने बताया कि बीते लम्बे समय से मोटर मार्ग पर काम बंद किया गया है। सड़क की कटिंग और पुश्ते को बनाए गए हैं, किंतु जहां वाहनों की आवाजाही होनी है वहां सड़क उबड़-खाबड़ बनी है। ग्रामीण जा जोखिम में डालकर आवाजाही कर रहे हैं। बीते दो दिनों से बारिश के चलते सड़क के बीचों बीच नाले जैसी स्थिति हो रही है। ग्रामीण कलम सिंह राणा, आशीष राणा, ओंकार धिरवाण आदि ने कहा कि यह मोटर मार्ग ग्रामीणों के लिए जी का जंजाल बना है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि शीघ्र कार्यवाही न की गई तो वे आंदोलन को मजबूर होंगे। इधर, पीएमजीएवाई के अधिशासी अभियंता पवन कुमार ने बताया कि कुछ दिनों सड़क पर काम बंद था किंतु अब मजदूर आ गए हैं जल्द ही निर्माण की कार्यवाही की जाएगी। सड़क पर काम चल रहा है।

Parvatanchal