दुस्साहस: दंपति के बाइक रोकते ही महिला की चेन झपट ले गए बाइक सवार युवक

दुस्साहस: दंपति के बाइक रोकते ही महिला की चेन झपट ले गए बाइक सवार युवक
Spread the love

रुड़की। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के जैन मंदिर में पूजा करने आई महिला से बुधवार की सुबह बाइक सवार दो युवक गले की चेन छीनकर फरार हो गए। घटना वहां पर लगे हुए सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बुधवार की सुबह जैन दंपति अपनी स्कूटी पर सवार होकर सिविल लाइंस के मोहल्ला कानून गोयान स्थित जैन मंदिर में पूजा अर्चना करने आए थे। दंपति ने अपनी स्कूटी मंदिर के बाहर रोक दी। पीछे से एक बाइक पर सवार होकर दो युवक आए और मौका देखकर गले की चेन छीनकर फरार को गए। आसपास के लोगों ने युवकों को पीछा किया मगर बाइक सवार हाथ नहीं आ सके। घटना मंदिर के बाहर लगे हुए सीसीटीवी कैमरो में कैद हो गई। जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनी भूषण श्रीवास्तव ने बताया कि घटना की तहरीर नहीं आई है। मामले में जांच की जा रही है।

मिनी ट्रक और कार की भिड़ंत में तीन युवक घायल
उधर, मिनी ट्रक और कार की आमने-सामने की भिड़ंत में कार सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। बुधवार को दुर्घटना में कार भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। बुधवार की सुबह दिल्ली के नरेला निवासी रविंद्र कुमार, रजनीश कुमार और लोकेश कुमार अपनी कार से दिल्ली से हरिद्वार जा रहे थे। वह मंगलौर गुड़ मंडी के पास देवबंद तिराहे पर पहुंचे तो सामने से आ रहे मिनी ट्रक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। मिनी ट्रक से टक्कर के बाद कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को मामले की सूचना दी।

Parvatanchal