कामयाबी: पुलिस के हत्थे चढ़ गया भाई बहन को डिजिटल अरेस्ट कर ठगने का आरोपी
अल्मोड़ा। अल्मोड़ा में दो बुजुर्ग भाई बहनों को डिजिटल अरेस्ट कर ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गुजरात से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने दोनों भाई बहन को 16 दिनों तक डिजिटल अरेस्ट कर 75 लाख से अधिक की ठगी की वारदत को अन्जाम दिया था।
जानकारी के अनुसार, लाखों की ठगी होने के मामले में 15 अप्रैल को पूर्ण चन्द्र जोशी व उसकी बहन भगवती पांडे ने पुलिस में तहरीर दी थी। तहरीर में उन्होंने बताया कि उनके मोबाइल पर अज्ञात व्यक्ति ने वीडियो कॉल किया। उन्हें 23 मार्च से 7 अप्रैल तक डिजिटल अरेस्ट रखते हुए उनसे कुल 75 लाख 73 हजार की ठगी की गयी। मामले में शिकायत मिलने के बाद अल्मोड़ा कोतवाली में अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। एसएसपी देवेंद्र पींचा ने पुलिस टीम का गठन कर जल्द साइबर ठगों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।
जिसके बाद पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी थी। एसएसआई अजेंद्र प्रसाद ने शिकायतकर्ता पूर्ण चन्द्र व भगवती देवी के उन बैंक खातों को खंगाला, जहां लाखों की धनराशि भेजी गयी थी। इसके बाद पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने सर्विलांस की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की। उसके बाद एक आरोपी जुनेजा दिलावर को गुजरात के मोरवी राजकोट से अरेस्ट कर लिया गया।
