संदिग्ध परिस्थितियों में नाबालिग की मौत,जांच शुरू
देहरादून। सहस्त्रधारा रोड स्थित झुग्गी झोपड़ी में रहने वाली एक नाबालिग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस को सूचना मिलने के बाद नाबालिग किशोरी के पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की गई। लेकिन पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट में मृत्यु का कारण स्पष्ट न होने पर डॉक्टर द्वारा मृतका का बिसरा सुरक्षित रख लिया गया है।. साथ ही मृतका के परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना रायपुर में एक व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच की रही है।
जानकारी के अनुसार, 28 अप्रैल की रात को थाना रायपुर पुलिस को सूचना मिली कि सहस्त्रधारा रोड स्थित झुग्गी झोपड़ी में रहने वाली एक 16 वर्षीय नाबालिग की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। जानकारी मिली कि नाबालिग ने 26 अप्रैल को विषैला पदार्थ खा लिया था। नाबालिग किशोरी के भाई द्वारा इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जिसकी इलाज के दौरान 28 अप्रैल की रात मौत हो गई। लड़की मूल रूप से सीतामढ़ी, बिहार की रहने वाली थी।
इस सूचना पर थाना रायपुर से पुलिस बल मौके पर पहुंचा और मृतका के पंचनामा समेत पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई करवाई गई। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण स्पष्ट न होने पर डॉक्टर द्वारा मृतका का बिसरा प्रिजर्व किया गया है। थाना रायपुर प्रभारी प्रदीप नेगी ने बताया है कि घटना के संबंध में मृतका के परिजनों ने एक व्यक्ति के खिलाफ तहरीर दी है। मृतका उक्त व्यक्ति के घर में साफ सफाई का कार्य करती थी। जिस पर संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। साथ ही पुलिस द्वारा घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांचकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

