कामयाबी: कोटद्वार पुलिस ने साइबर ठगी की धनराशि पीड़ित के खाते में लौटाई वापस
अच्छा मुनाफा कमाने का झांसा देकर लगायी थी साढ़े तीन लाख की चपत
राजेन्द्र शिवाली
कोटद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी लोकेश्वर सिंह द्वारा साईबर अपराधों की रोकथाम हेतु जनपद में गठित साइबर सेल को साइबर फ्रॉड संबंधी किसी भी शिकायत पर त्वरित कार्यवाही किए जाने के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक ऑपरेशन तुषार बोरा के पर्यवेक्षण में साईबर सैल कोटद्वार द्वारा तत्परता से कार्य करते हुए साइबर ठगी का शिकार हुए लोगों के खातों में धनराशि वापस कराए जाने एवं आम जनमानस को साइबर अपराध से सुरक्षा हेतु लगातार जागरूक किया जा रहा है। पिछले दिनों साइबर सेल कोटद्वार में लक्ष्मणझूला निवासी पन्नू राम द्वारा दिए शिकायती पत्र में बताया गया कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उनको ऑनलाइन मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 3,50,000/- रूपये की ऑनलाइन ठगी की गई है। इस पर साइबर सेल कोटद्वार द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए आवेदक से ठगी गई 3,50,000/- रुपये की शत-प्रतिशत धनराशि को उनके खाते में वापस करा दी गई है।

