खुलासा: पत्नी ने ही करवाया अशोक पंडित का कत्ल, अवैध संबंधों में बन रहा था रोड़ा
रुद्रपुर। पत्नी के सर पर आशिक़ी का ऐसा नशा चढ़ा कि उसने अवैध संबंधों में बाधक बन रहे पति की जान ले ली। नतीजा ये हुआ कि वह अपने प्रेमी के साथ अब सीखचों के पीछे पहुंच गयी है। पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए पत्नी सहित 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
गौरतलब है कि पिछले दिनों उधमसिंहनगर के किच्छा बरा में एक युवक की निर्मम हत्या कर दी गई थी। जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने घटना का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक की पत्नी सहित 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में पता चला है कि पत्नी के प्रेम प्रसंग में बाधक बनने पर हत्या को अंजाम दिया गया था। इस मामले में पुलिस ने हत्या में प्रयोग किये गए चाकू, हथौड़ा और बाइक बरामद किए हैं।
गौरतलब है कि पुलभट्टा थाना के बरा चौकी क्षेत्र मे 17 फरवरी को मिले एक अज्ञात शव बरामद किया गया था जिसकी पहचान अशोक पंडित पुत्र कृष्ण पंडित, थाना- आईटीआई, काशीपुर, ऊधमसिंहनगर के रूप हुई थी। अशोक पंडित हत्याकांड के खुलासे के लिए एसएसपी के निर्देश पर चार टीमें गठित की गईं थीं। पुलिस टीमों ने कड़ी जांच पड़ताल करते हुए लगभग 50 घंटों के भीतर ही हत्याकांड का खुलासा कर दिया और इस मामले में मृतक अशोक पंडित की पत्नी शिल्पा पंडित,अमित अग्निहोत्री निवासी बरेली, आशीष उर्फ अंकित कुमार तिवारी निवासी बरेली को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी सिटी ममता बोहरा ने बताया कि 17 फरवरी को काशीपुर निवासी मृतक अशोक पंडित का शव पुलभट्टा थाना क्षेत्र के बरा में मिला था। इस मामले की छानबीन में पता चला कि अशोक की पत्नी शिल्पा का 3 साल से बरेली निवासी अमित अग्निहोत्री से प्रेम प्रसंग चल रहा था और दोनों के अवैध संबंध थे। अवैध संबंधों में शिल्पा पंडित का पति अशोक पंडित बाधक बन रहा था। आजिज़ आकर दोनों ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची। इसी दौरान अपने रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के लिए अशोक पंडित किच्छा पहुंचा। वहां अमित अग्निहोत्री ने अपने फुफेरे भाई अंकित के साथ मिलकर अशोक की हत्या का निश्चय कर लिया। फिर उसने अशोक को शराब पिलाने के बहाने बुलाया और उसकी चाकू और हथोड़े से हत्या कर उसका शव बरा क्षेत्र में फैंक दिया। लेकिन पुलिस की मुस्तैदी से हत्याकांड का जल्दी खुलासा हो गया। पुलिस ने तीनों अभियुक्तों को जेल भेज दिया है।

