कांग्रेस: हरदा का चिरपरिचित अंदाज, पार्टी जनों के सम्मान में दी सन्नी नींबू पार्टी
देहरादून। पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष हरीश रावत द्वारा आज प्रदेश कांग्रेस कार्यालय, देहरादून में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सम्मान में सन्नी नींबू पार्टी का आयोजन किया गया जिसमें कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने बढ़चढ़ कर भाग लिया।
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा- ‘उत्तराखण्ड के तमाम उत्पाद जिसमें नींबू, माल्टा, गलगल, गहत व मंडुवा सहित सभी उत्पाद मेरे कोर एजेण्डे मे हमेशा सम्मिलित रहे हैं। जब मैं सरकार में रहा हूं तब मैंने राज्य के शिल्प, परिधान, ज्वैलरी, व्यंजन आदि पर हमेशा फोकस रखा है। चाहे हमारे गाड़-गधेरों को पुनर्जीवित करने की बात रही हो। यही उत्तराखण्डियत है और मैं इसी उत्तराखण्डियत के हितों की बात हमेशा करता रहा हूं और करता रहूंगा। आज बेशक चुनाव सम्पन्न हो गये हैं, हमारे तमाम कार्यकर्ताओं ने, नेताओं ने उत्तराखण्डियत की लड़ाई को अपने गली मोहल्लों तक पहुंचाया है। उनके इस परिश्रम को सम्मान देने के लिए आज मैंने आप सबको यहां आमंत्रित किया है। कांग्रेस पार्टी ने भी मेरी इस उत्तराखण्डियत को चुनाव घोषणा पत्र में प्राथमिकता से सम्मलित कर आगे बढ़ाने में सहयोग किया है।’
हरीश रावत ने आगे कहा- ‘हमने विधानसभा के लिए जारी अपने चुनाव घोषणा पत्र में ”चार-धाम, चार-काम’’ के तहत बेरोजगारी, मंहगाई, पर्यटन, पारम्परिक खेती- किसानी, राज्य की महिलाओं की समस्याओं, उनकी सामाजिक सुरक्षा के लिए विभिन्न वर्गों को 21 प्रकार की पेंशनों से सामाजिक आर्थिक सुरक्षा करने के संकल्प को भी रखा है। लगभग 10 लाख से अधिक पात्र लोगों को इन पेंशन योजनाओं से जोड़ा जाना है। महिलाओं को, मांगल गीत गाने वालों से लेकर कूड़ी-बाड़ी जैसी तमाम वर्गों वाली पेंशनों के प्रति हम प्रतिबद्ध हैं। हमारे चुनाव घोषणा पत्र ”प्रतिज्ञा पत्र’’ में उल्लिखित सभी घोषणाओं का हम पालन करेंगे। हमारा प्रतिज्ञा पत्र पार्टी की आत्मा के रूप में विद्यमान रहेगा।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी राज्य में कार्यरत सभी कर्मचारियों के हितों की भी रक्षा करेगी। राज्य की साहित्य-संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्द्धन के लिए भी साहित्य संस्कृति अकादमी, छोटे उद्योगों को संरक्षण दिया जायेगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि उनकी उत्तराखण्डियत को बचाये व बनाये रखने की इस लड़ाई में आप सबको सहयोग करना है तथा हमारी सरकार अपने इए ऐजेण्डे पर तेजी से काम करेगी। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने अपने हाथों से सन्नी, निम्बू, माल्टा व पकौड़ी नेता प्रतिपक्ष श्री प्रीतम सिंह को अपने हाथों से खिलाई तथा कार्यकर्ताओं को परोसी।
नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा गरीब, निर्धन, बेसहारा, सभी प्रकार के कमजोर वर्गों की लड़ाई लड़ी है। यूपीए सरकार के समय तथा प्रदेश में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हमारी तमाम योजनाएं महिलाओं, युवाओं, वंचित वर्गों के लिए थीं। हमने महिलाओं, युवाओं तथा गरीबों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं शुरू कीं जो भाजपा सरकार ने सत्ता में आते ही बन्द कर दी थीं। उन्हें पुनः चालू किया जायेगा। कांग्रेस पार्टी ने अपने प्रतिज्ञा पत्र में चार लाख युवाओं को रोजगार देने, गैस सिलिण्डर 500 रुपये करने, प्रत्येक परिवार को 40 हजार रुपये देने, गन्ना किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य देने, पर्वतीय तथा मैदानी इलाके के किसानों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं लाने का वादा किया है तथा हम अपनी घोषणाओं के प्रति प्रतिज्ञाबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश से जो जानकारियां मिल रही हैं उसके आधार पर स्पष्ट है कि कांग्रेस पार्टी भारी बहुमत के साथ सरकार बनायेगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि हमने प्रतिज्ञा पत्र में जो भी वादे किये थे हम उन्हें पूरा करेंगे।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण, दिनेश अग्रवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट, पूर्व विधायक राजकुमार, मनोज रावत, सतपाल ब्रह्मचारी, कोषाध्यक्ष आर्येन्द्र शर्मा, महामंत्री संगठन मथुरादत्त जोशी, उपाध्यक्ष एवं मीडिया सलाहकार सुरेंद्र कुमार, पी.के. अग्रवाल, जसबीर रावत,बिट्टू कर्नाटक, पूरन सिंह रावत, नवीन जोशी, महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा, गोदावरी थापली, डाॅ आर.पी. रतूड़ी, मनीष नागपाल, लक्ष्मण नेगी, पुरुषोत्तम शर्मा, शांति रावत, संतोष चौहान, पलक शर्मा, गरिमा दसौनी, चंद्रकला नेगी,रेनू नेगी, पुष्पा पंवार, बाला शर्मा, कमल सिंह रावत, दीप बोहरा, महेन्द्र नेगी, संग्राम पुण्डीर, विनोद चैहान, प्रदीप जोशी, आनन्द बहुगुणा, विजयेश नवानी, मीना रावत, लक्ष्मी अग्रवाल, यामीन अंसारी, अनुराधा तिवारी, मोहन काला, मनमोहन शर्मा, सुलेमान अली, अभिषेक भण्डारी, विशाल मौर्य, प्रशान्त खण्डूरी, अरुण शर्मा, भूपेन्द्र फरासी, रितेश क्षेत्री, अमित रावत, सोनू रावत, कोमल बोहरा तथा सुरेन्द्र सिंह रावत आदि समेत सैकड़ों कांग्रेसजन उपस्थित थे। कार्यकर्ताओं ने सन्नी-नीम्बू, माल्टा की चाट तथा पकौड़ी व जलेबी के साथ चाय की चुस्की ली।

