शिकंजा: 8 राज्यों में 17 शादियां करने वाला 66 साल का पति गिरफ्तार

शिकंजा: 8 राज्यों में 17 शादियां करने वाला 66 साल का पति गिरफ्तार
Spread the love

 

भुवनेश्वर। यहां की पुलिस ने एक ऐसे महाठग को गिरफ्तार किया है जिस पर देश के विभिन्न राज्यों की 17 महिलाओं से शादी कर उनसे धन ऐंठने का आरोप है। पुलिस द्वारा 66 साल के रमेश चंद्र स्वाईं को भुवनेश्वर के खंडगिरी इलाके के एक अपार्टमेंट से गिरफ़्तार किया गया। सब डिविज़नल ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। चिकनी-चुपड़ी बातों से औरतों को फांसने वाले रमेश पर आठ राज्यों की 17 औरतों से धोखे से शादी करने और उनसे पैसे ऐंठने का आरोप है। इन 17 महिलाओं में चार ओडिशा से, तीन-तीन असम और दिल्ली से, दो-दो मध्य प्रदेश और पंजाब से और एक-एक उत्तर प्रदेश, झारखंड और छत्तीसगढ़ से हैं। भुवनेश्वर के डीसीपी उमाशंकर दास ने कहा कि इस संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता कि रमेश ने इन 17 के अलावा और भी कई औरतों को अपने जाल में फांसा हो। उन्होंने कहा, ’17 में से तीन औरतों के बारे में जानकारी हमें रमेश की गिरफ़्तारी के बाद मिली। इन तीन में से एक ओडिशा, एक छत्तीसगढ़ और एक असम की रहनेवाली हैं और तीनों ने उच्च शिक्षा प्राप्त की है। हम उसे रिमांड में लेंगे और उससे पूछताछ कर यह पता करने की कोशिश करेंगे कि इन 17 के अलावा उसने किसी अन्य महिला को अपने जाल में तो नहीं फंसाया है।’ दास ने बताया कि रिमांड के दौरान रमेश से उसके कारनामों के बारे में और अधिक जानकारी हासिल करने के लिए भुवनेश्वर महिला थाना के प्रभारी के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम बनाई गई है। रमेश के मोबाइल फ़ोन को फ़ोरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा और उसके वित्तीय लेनदेन के बारे में भी पड़ताल की जाएगी।

Parvatanchal