दुर्भाग्य: एक दिन बाद जानी थी युवक की बारात, पहले ही दिन उठ गई अर्थी
हरिद्वार। समय का कैसा दुर्योग है कि जिस घर में आज़ शादी की शहनाई गूंजने वाली थी, वहां शादी से एक दिन पहले मातम का अंधेरा छा गया है। दिल को झकझोर देने वाला ये मामला लक्सर का है जहां शादी से एक दिन पहले दूल्हे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दुल्हे की मौत से परिजनों और दुल्हन पक्ष वालों के घरों में मातम फैला हुआ है । हालांकि, स्थानीय पुलिस इस घटना की जानकारी होने से इंकार कर रही है।
जानकारी के अनुसार, लक्सर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव से पथरी थाना क्षेत्र में युवक की बारात जानी थी। शादी की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। शादी में ग्रामीणों के अलावा युवक के रिश्तेदार भी पहुंचे हुए थे। पूरा घर रिश्तेदारों व मेहमानों से भरा हुआ था। लेकिन बारात जाने से पहले ही गुरुवार की देर रात को दूल्हे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक दूल्हे की मौत की जानकारी परिजनों ने पुलिस को नहीं दी। आरोप है कि युवक के परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही आनन-फानन में उस के शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
सुल्तानपुर चौकी प्रभारी अंकुर शर्मा का कहना है कि परिजनों ने पुलिस को युवक के मरने की कोई जानकारी नहीं दी। ग्रामीणों द्वारा मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस गांव में पहुंची तो परिजनों द्वारा बताया गया कि युवक की हृदय गति रुक जाने से मौत हो गई। चूंकि परिजनों ने पुलिस को बिना सूचना दिए युवक का अंतिम संस्कार कर दिया तो मृतक की मौत को संदिग्ध मानते हुए पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
