विधानसभा चुनाव: सांसद प्रदीप टम्टा का दावा, बहुमत की सरकार बनाएगी कांग्रेस
अल्मोड़ा। कांग्रेस के दिग्गज नेता एवं राज्यसभा सांसद प्रदीप टम्टा का कहना है कि सीएम पुष्कर सिंह धामी चुनावी नतीजे आने से पहले ही अपनी हार मान चुके हैं। प्रदीप टम्टा ने कहा कि जब चुनाव के कुछ दिन बचे थे, वह पलायन, बेरोजगारी, महंगाई पर बात न कर सिविल ड्रेस कोड की बात कर रहे थे।
विधानसभा चुनाव में अपनी जीत का दावा करते हुए राज्यसभा सांसद प्रदीप टम्टा ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने जा रही है। जबकि अल्मोड़ा संसदीय क्षेत्र की 14 सीटों पर इस बार कांग्रेस 2002 का रिकॉर्ड तोड़ेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जब पूरे प्रदेश में परिवर्तन यात्रा निकाल रही थी, उसी दौरान जनता ने बदलाव का स्पष्ट संदेश दे दिया था।
टम्टा ने कहा कि भाजपा सरकार के पिछले 5 साल के कार्यकाल में महंगाई, बेरोजगारी चरम पर रही। बेरोजगारी में आज उत्तराखंड अग्रणी राज्यों में शामिल हो गया है। भाजपा सरकार पर राज्य की दुर्दशा का आरोप लगाते हुए टम्टा ने कहा कि सरकार चुनाव से ठीक एक महीने पहले 24 हजार सरकारी पदों को भरने की बात कर रही थी। वह भाजपा से पूछना चाहते है कि उनकी सरकार 5 साल से क्या कर रही थी।
