सावधान: यदि आप भी ले रहे हैं पर्सनल लोन तो जान लें ये जरूरी बातें
बढ़ती महंगाई के साथ एक ही इनकम और सैलरी पर सारे खर्चे निकालना आसान नहीं होता। हमारी रोज़मर्रा की ज़िंदगी में एक वक्त ऐसा भी आता है, जब हमें फाइनेंशियल हेल्प की जरूरत पड़ती है। इसलिए हम लोन लेते हैं। पैसों की जरूरत पड़ने पर लोग आमतौर पर पर्सनल लोन लेते हैं, लेकिन ये लोन मिलना आसान होता है। कुछ बैंक आपकी क्रेडिट हिस्ट्री और सिबिल स्कोर को देखते हुए प्री अप्रूव पर्सनल लोन का ऑफर भी देते हैं।
पर्सनल लोन अनसिक्योर्ड लोन की कैटेगरी में आता है। ये सबसे ज्यादा ब्याज दर वाला लोन माना जाता है। इसलिए आपको यह तब ही लेना चाहिए, जब आपके पास और कोई ऑप्शन नहीं हो। छोटी-मोटी जरूरतों के लिए पर्सनल लोन लेने से बचना चाहिए।
हम आपको कुछ ऐसी गलतियों के बारे में बता रहे हैं, जो अक्सर कस्टमर पर्सलन लोन लेने के दौरान करते हैं। बाद में उनके पास पछताने के सिवाय और कोई चारा नहीं रहता है:-
बैंकों के ऑफर्स की तुलना न करना
पर्सनल लोन लेने से पहले कस्टमर को अलग-अलग बैंकों और नॉन बैंकिंग फाइनेंशियल इंस्टीट्यूशन के पर्सनल लोन ऑफर्स की तुलना कर लेना चाहिए। कई बार लोग बिना सोचे-समझे जो ऑफर मिलता है, उसे एक्सेप्ट कर लेते हैं। इससे उन्हें खासा नुकसान होता है। आपको कोई भी ऑफर एक्सेप्ट करने से पहले अलग-अलग बैंकों के ऑफर, प्रोसेसिंग फीस, कम ब्याज दर, फोरक्लोजर फीस से छूट, गिफ्ट वाउचर वगैरह की जानकारी ले लेनी चाहिए।
जरूरत से ज्यादा रकम का लोन ले लेना
कई बार लोग अपनी वास्तविक जरूरत से ज्यादा का लोन ले लेते हैं। ऐसा करके वो अपनी सैलरी पर बोझ ही डालते हैं। आपको जितनी रकम की जरूरत हो उतने का ही पर्सनल लोन लें, भले आपको कितनी भी अधिक रकम के लोन का ऑफर आया हो।
रकम का दुरुपयोग
आसानी से लोन मिल जाने के कारण लोगों को पैसों की कद्र नहीं होती। वे लोन के पैसे का दुरुपयोग करने लगते हैं। पर्सनल लोन की रकम का इस्तेमाल कभी भी शेयर ट्रेडिंग, फैंटेसी स्पोर्ट्स गेम, सट्टेबाजी, जुआ या ट्रैवलिंग में इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। इन कामों में पैसा खोने की संभावना काफी अधिक होती है। आपको पर्सनल लोन की रकम से फिजुलखर्ची या शॉपिंग करने से बचना चाहिए। कुछ लोग ट्रिप पर जाने के लिए पर्सनल लोन ले लेते हैं। ये बिल्कुल भी उचित नहीं है।

