आक्रोश: सपा सांसद के खिलाफ़ क्षत्रिय महासभा ने दिया ज्ञापन, चौहान समुदाय भी उतरा विरोध में
काशीपुर। सपा के राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन द्वारा महाराणा सांगा पर दिए गए बयान से नाराज क्षत्रिय महासभा एवं करणी सेना ने संयुक्त रूप से गुरुवार को एसडीएम के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा। सांसद की सदस्यता समाप्त करने की मांग की है। गुरुवार को क्षत्रिय महासभा एवं करणी सेना से जुड़े कार्यकर्ता एकजुट होकर एसडीएम कोर्ट पहुंचे। यहां लोगों ने कहा कि महाराणा सांगा वीरता एवं शौर्य के प्रतीक थे लेकिन जिस तरह सपा सांसद ने उन पर टिप्पणी की है उससे संपूर्ण समाज में आक्रोश है। यहां उदयराज सिंह, बाबू सिंह, प्रभात सिंह, अशोक कुमार, लोकेश कुमार, एसके सिंह, राजीव राणा आदि लोग मौजूद रहे।
उधर ,चौहान सभा ने भी सपा सांसद द्वारा राणा सांगा पर की गई टिप्पणी पर रोष जताया। सभा ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपकर सांसद के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज करने की मांग की। गुरुवार को चौहान सभा ने कहा कि एक सपा सांसद के द्वारा राणा सांगा को लेकर विवादित बयान दिया। जिससे जनमानस में गहरा आक्रोश है। राणा सांगा न केवल क्षत्रिय समाज बल्कि संपूर्ण भारत के गौरव हैं। उनके प्रति की गई अशोभनीय टिप्पणी से समाज आक्रोशित है। उन्होंने सपा सांसद के खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई की अपील की है। यहां अवनीश चौहान, वीरेंद्र चौहान, प्रदीप चौहान, गीता चौहान, डॉ.अक्षय चौहान, आकाश चौहान आदि रहे।
