बड़ी खबर: प्रयागराज में एयरफोर्स के चीफ इंजीनियर की गोली मारकर हत्या, हाई सिक्योरिटी क्षेत्र में वारदात से हड़कंप
प्रयागराज। बमरौली एयरफोर्स कॉलोनी में घर में सो रहे चीफ इंजीनियर (वर्क) एसएन मिश्रा (50) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शूटर ने गोली कमरे की खिड़की से मारी। घटना सुबह 3 बजे की बताई जा रही है। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन दूसरे कमरे से जब तक भागकर पहुंचे हमलावर भाग निकले थे।
प्रयागराज के हाई सिक्योरिटी क्षेत्र में हत्या जैसी वारदात से सनसनी मची हुई है। इस सनसनीखेज वारदात के पीछे कौन है? एयफोर्स के अधिकारी और पुलिस की टीमों ने जांच शुरू कर दी है। आसपास के सभी सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। गोली लगने के बाद परिजन एसएन मिश्रा को लेकर आर्मी अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. वारदात की जानकारी मिलने पर एयरफोर्स के सीनियर अफसर भी मौके पर पहुंच गए।
पुलिस अधिकारियों ने भी पहुंचकर फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड के साथ घटनास्थल की जांच की। फिलहाल कमरे को सील कर दिया गया है.। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की गई है। वारदात बमरौली एयरफोर्स कॉलोनी के अंदर हुई है. यह कॉलोनी हाई सिक्योरिटी में रहती है.।
गेट पर 24 घंटे एयरफोर्स कर्मियों का पहरा रहता है। बिना पास और पहचान दिखाए किसी को भी अंदर नहीं जाने दिया जाता है। जब तक अंदर रह रहा व्यक्ति सिक्योरिटी पर्सनल से यह न कहे कि आमुक व्यक्ति को हमारे घर आने दीजिए, तब तक अंदर कोई भी नहीं जा सकता।

