शर्मनाक: शक ने पति को बना दिया हैवान, दोस्त की मदद से कर दिया पत्नी का कत्ल, दोनों आरोपी गिरफ्तार
लखनऊ। जिले के नगराम थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने अपने दोस्त के साथ मिलकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी और इसे सडक़ हादसे का रूप देने की कोशिश की। पुलिस ने इस साजिश का पर्दाफाश करते हुए आरोपी पति और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है।मामला 16 मार्च 2025 का है, जब नगराम क्षेत्र के कंचनखेड़ा निवासी तिलकराम ने अपनी पत्नी मालती को कुबहरा मेला दिखाने के बहाने घर से बुलाया। उसके साथ उसका दोस्त राजेश प्रजापति भी था। तीनों ने पहले मेला देखा और फिर मालती की मौसी के घर गए, जहां उन्होंने रात का भोजन किया। वहां से निकलते समय तिलकराम और राजेश ने एक डंडा लिया, यह कहकर कि रास्ते में कोई जंगली जानवर आ जाए तो उसे भगाने में मदद मिलेगी।रात करीब 11 बजे, जब वे कुबहरा जंगल के पास पहुंचे, तो तिलकराम ने मोटरसाइकिल रोक दी और राजेश ने आसपास की निगरानी करनी शुरू कर दी। इसी दौरान तिलकराम ने डंडे से अपनी पत्नी पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद दोनों ने इसे सडक़ दुर्घटना का रूप देने की योजना बनाई। तिलकराम ने अपने रिश्तेदार संतोष को फोन कर बताया कि उसका एक्सीडेंट हो गया है। संतोष मौके पर पहुंचा और उसने गाड़ी में मालती को लिटाकर समेसी स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया, जहां इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया गया।मृतका के चाचा राजाराम ने पुलिस को तहरीर देकर पूरे मामले की जानकारी दी, जिसके बाद नगराम पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को कई संदेहास्पद तथ्य मिले, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि यह दुर्घटना नहीं बल्कि योजनाबद्ध हत्या थी। पुलिस ने इस मामले में तेजी दिखाते हुए तीन अलग-अलग टीमें बनाईं और आरोपियों को पकडऩे के लिए दबिश दी।19 मार्च को पुलिस ने तिलकराम और उसके साथी राजेश को अकंता खेड़ा मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया और उनके निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया डंडा और मृतका के टूटे हुए कंगन व चूडिय़ां भी बरामद कर ली गईं।पुलिस जांच में सामने आया कि तिलकराम को अपनी पत्नी पर शक था कि उसके किसी अन्य व्यक्ति के साथ अवैध संबंध हैं। इसी शक के चलते उसने अपने दोस्त राजेश के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई और उसे अंजाम दिया। राजेश पहले से ही एक अपराधी प्रवृत्ति का व्यक्ति था और उसके खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी के मामले पहले से दर्ज थे।यह घटना इलाके में सनसनी फैला चुकी है और स्थानीय लोग हैरान हैं कि महज शक के आधार पर किसी ने इतनी भयावह वारदात को अंजाम दे दिया। पुलिस अब मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह भी खंगाल रही है कि क्या इस साजिश में कोई और व्यक्ति भी शामिल था। उधर, मृतका के परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और इस निर्मम हत्या के पीछे के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

