उत्तराखंड: इस मतदान केंद्र तक 20 किमी पैदल चलकर पहुंचेंगे मतदानकर्मी

उत्तराखंड: इस मतदान केंद्र तक 20 किमी पैदल चलकर पहुंचेंगे मतदानकर्मी
Spread the love

 

देहरादून। उत्तराखंड में 14 फरवरी को होने जा रहे विधानसभा चुनाव 2022 के लिए निर्वाचन आयोग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस बीच निर्वाचन आयोग द्वारा उपलब्ध विवरण में मतदाताओं की संख्या और मतदाता केंद्रों के बारे में दिलचस्प जानकारियां मिली हैं। उत्तराखंड में मतदाता संख्या के लिहाज से हरिद्वार के खानपुर विधानसभा क्षेत्र में नगला इमरती काशीपुर जिले के जसपुर में गढ़ी नेगी प्रदेश के सबसे बड़े मतदान केंद्र हैं, जहां प्रत्येक में सर्वाधिक 1248 मतदाता पंजीकृत हैं। दूसरी तरफ, कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र के ढिकाला में प्रदेश का सबसे छोटा बूथ है जहां महज 14 मतदाता पंजीकृत हैं। निर्वाचन आयोग के अनुसार, उत्तराखंंड में 11 बूथों पर सौ से कम मतदाता पंजीकृत हैं। बद्रीनाथ विधानसभा का डुमक मतदान केंद्र राज्य में सर्वाधिक पैदल दूरी वाला केंद्र है जहां मतदान कर्मियों को 20 किमी पैदल चलना होगा। इसी तरह राजकीय प्राथमिक विद्यालय मौंडा प्रदेश में जिला मुख्यालय से सर्वाधिक दूरी वाला केंद्र है। इस केंद्र की दूरी जिला मुख्यालय से 256 किमी है। निर्वाचन विभाग के मुताबकि, मतदान केंद्र की दूरी को देखते हुए, प्रदेश की 35 पोलिंग पार्टियां मतदान से तीन दिन पहले ही रवाना हो जाएंगी, जबकि 1442 पोलिंग पार्टियां दो दिन पहले रवाना होंगी। मतदान आगामी 14 फरवरी को होगा। निर्वाचन आयोग के मुताबिक, प्रदेश के चुनाव में युवा मतदाता निर्णायक साबित होने जा रहे हैं जबकि इस बार कुल 82.66 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 39 साल तक के मतदाताओं की कुल संख्या 41,44,427 है। जो कुल मतदाता संख्या के पचास फीसदी बैठती है। इसमें भी 30 से 39 आयुवर्ग में सर्वाधिक 22,27,383 मतदाता हैं। जबकि 1,65,338 मतदाता पहली बार अपने मतदान का प्रयोग करेंगे। प्रदेश में 1556 मतदाता सौ साल की उम्र पूरी कर चुके हैं। सर्वाधिक शतायु मतदाता 340 यूएसनगर जिले में हैं, जबकि हरिद्वार में 339 और देहरादून में 318 मतदाता इस श्रेणी में आते हैं। आयोग ने इस श्रेणी के मतदाताओं को इस बार घर से मतदान की सुविधा प्रदान की है। घर से मतदान करने की इस व्यवस्था के अंतर्गत पात्र मतदाताओं ने काफी उत्साह दिखाया है।

Parvatanchal