कांग्रेस: पार्टी महासचिव लक्ष्मी राणा का निष्कासन रद्द, सदस्यता बहाल
देहरादून। प्रदेश कांग्रेस में इन दिनों पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में आए दिन कुछ नेताओं के खिलाफ निष्कासन की कार्रवाई चल रही है। इस बीच पिछले दिनों पार्टी से निष्कासित महासचिव सुश्री लक्ष्मी राणा का निष्कासन प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा रद्द कर उनकी सदस्यता बहाल कर दी गई है। इस कदम के पीछे दलील दी गई है कि सुश्री राणा के स्पष्टीकरण से संतुष्ट होने के बाद पार्टी से उनका निष्कासन तत्काल प्रभाव से निरस्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें जनपद पौड़ी गढ़वाल की लैन्सडाउन विधानसभा क्षेत्र में प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
पार्टी के इस कदम की जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव संगठन मथुरादत्त जोशी ने बताया कि सुश्री लक्ष्मी राणा द्वारा प्रदेश प्रभारी देवेन्द्र यादव से वार्ता कर अपना स्पष्टीकरण दिया गया जिसमें उन्होंने पार्टी के प्रति पूर्ण निष्ठा व्यक्त करते हुए अपना निष्कासन निरस्त करने का अनुरोध किया गया। इससे संतुष्ट होने के उपरान्त प्रदेश प्रभारी देवेन्द्र यादव के निर्देश पर उनका निष्कासन निरस्त करते हुए उन्हें लैन्सडाउन विधानसभा क्षेत्र में पार्टी प्रत्याशी के प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी सौंपते हुए उनसे अपेक्षा की गई है कि वे शीघ्र ही लैन्सडाउन विधानसभा क्षेत्र में पहुंचकर पार्टी प्रत्याशी की विजय सुनिश्चत करने में अपना योगदान करेंगी।
इस बीच बुधवार को भी पार्टी विरोधी गतिविधियों एवं विधानसभा चुनाव में पार्टी अनुशासन के खिलाफ कार्य करने के आरोप में प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा कुछ और लोगों को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से 6 साल के लिए निष्कासित किया गया है।
उपरोक्त जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव संगठन मथुरादत्त जोशी ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रदेश प्रभारी देवेन्द्र यादव के निर्देश पर यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्र से पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष एवं एआईसीसी सदस्य हंसपाल बिष्ट, सुनील वरुण, वरदेव सिंह व उर्वीदत्त गुरूली को पार्टी विरोधी गतिविधियों एवं अनुशासनहीनता के चलते तत्काल प्रभाव से पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया गया है।
मथुरादत्त जोशी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी एक अनुशासित संगठन है तथा इसमें यदि अनुशासनहीनता होती है तो उसे कतई बर्दास्त नहीं किया जायेगा तथा जो भी पार्टी अनुशासन की लाईन पार करेगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने बताया कि कांग्रेस नेतृत्व ने सभी जिला एवं शहर अध्यक्षों को भी पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ समुचित कार्रवाई करने के निर्देश दिये हैं।

