कांग्रेस: चुनावी नेतृत्व की जिम्मेदारी निभाने में अब्बल हैं हरदा, अन्य पार्टी उम्मीदवारों का कर रहे प्रचार
बोले, भाजपा ने जिस विधायक को राज्य मंत्री तक नहीं बनाया, चुनाव आते ही उसे सीधे सीएम बना दिया
भाजपा पर लगाया प्रलोभन देकर उत्तराखंड की ग्रामीण संस्कृति को तार तार करने का आरोप
सोमेश्वर। उत्तराखंड में आगामी 14 फरवरी को होने जा रहे विधानसभा चुनाव में कांग्रेसी ज़ंग की अगुवाई कर रहे वरिष्ठ पार्टी नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत अपनी जिम्मेदारी का बखूबी निर्वहन करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे हैं। जहां, कांग्रेस के राज्य स्तर के बड़े बड़े धुरंधर अपनी अपनी सीटों पर चुनावी जंग जीतने की जद्दोजहद में उलझे हुए हैं वहीं, हरदा अपनी चिंता छोड़ कुमाऊं के अन्य पार्टी प्रत्याशियों के प्रचार में डटे हुए हैं। कांग्रेस के प्रचार अभियान को आगे बढ़ाते हुए हरीश रावत ने सोमेश्वर के रामलीला मैदान में कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र बाराकोटी के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र और प्रदेश की बीजेपी सरकार पर जमकर हमला बोला। हरीश रावत ने कहा कि बीजेपी सरकार ने महंगाई, बेरोजगारी, पलायन और भ्रष्टाचार बढ़ाकर गरीब परिवारों का बजट खराब कर दिया है।
दिग्गज कांग्रेसी नेता हरीश रावत ने कहा कि सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के लिए उनकी सरकार में स्वीकृत महिला बेस अस्पताल, आईटीआई, इंटर कॉलेज चनौदा का भवन, ब्लॉक मुख्यालय की सड़क सहित दर्जनों स्वीकृत विकास कार्यों को सत्ता में आने के बाद बीजेपी ने ठंडे बस्ते में डाल दिया। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर हमला बोलते हुए कहा कि आज पहाड़ के नदी, नाले और गदेरों को बीजेपी की खनन प्रेमी सरकार ने खोद डाले हैं।
भाजपा पर सियासी हमले जारी रखते हुए उन्होंने कहा कि उसने ने अपने जिस विधायक को 5 साल तक राज्यमंत्री बनाने के लायक तक नहीं समझा, चुनाव के समय उसी को मुख्यमंत्री बना दिया। हरीश रावत ने बीजेपी प्रत्याशी और कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य को भी नहीं बख्शा। आर्य पर तंज़ कसते हुए रावत ने कहा कि उत्तर प्रदेश के गुंडा तत्व देवभूमि में आकर तमाम प्रकार के हथकंडे अपनाकर चुनाव जीतना चाहते हैं। चुनाव में तमाम प्रकार के प्रलोभन देकर उत्तराखंड की ग्रामीण संस्कृति को तार-तार कर रहे हैं लेकिन इस बार देवभूमि की जनता इन्हें अवश्य सबक सिखाएगी। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र बाराकोटी को गरीब परिवार का सदस्य बताते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर सोमेश्वर क्षेत्र के तमाम समस्याओं का निस्तारण किया जाएगा। इस मौके पर कांग्रेस के अनेक नेता और कार्यकर्ता हरदा के साथ रहे।
