केदारनाथ: विधायक मनोज रावत ने विरोधियों पर किया पलटवार, जारी किया विधायक निधि के खर्च का ब्यौरा
रुद्रप्रयाग। चुनावी जंग में राजनीतिक दलों द्वारा एक दूसरे पर आरोपों-प्रत्यारोपों की बौछार करना कोई नयी बात नहीं है। मौजूदा चुनाव में भी यह सिलसिला जारी है। इन दिनों केदारनाथ विधानसभा सीट पर भी ऐसा ही कुछ देखने सुनने में आ रहा है, जहां कांग्रेस विधायक एवं इस बार पुनः उम्मीदवार बने मनोज रावत पर उनके विरोधियों द्वारा विधायक निधि खर्च करने को लेकर सवाल खड़े कर रहे हैं। विरोधियों के इस चुनावी कुप्रचार पर प्रहार करते हुए केदारनाथ विधायक मनोज रावत ने विगत पांच वर्षों में खर्च हुई अपनी विधायक निधि का हिसाब किताब जारी कर उनकी जुबान पर ताला मार दिया है।
बाकायदा विकास कार्यों में खर्च की गई विधायक निधि के आंकड़े जारी करते हुए मनोज रावत ने विरोधियों पर निराधार और तथ्यहीन सवाल उठाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल भ्रामक प्रचार कर रहे हैं कि मनोज रावत अपनी विधायक निधि खर्च नहीं कर पाये। रावत ने कहा कि उन्हें विगत पांच वर्षों में विधायक निधि में कुल 18 करोड़ 32 लाख रुपए आबंटित हुए थे जिसमें से वे 18 करोड़ 21 लाख रुपए खर्च कर चुके हैं।
स्वास्थ्य पर एक करोड़ 60 लाख रुपए, शिक्षा पर 2 करोड़ 20 लाख, ग्राम पुस्तकालय पर एक करोड़ 74 लाख, महिला मंगल दल एवं युवक मंगल दल को प्रोत्साहन हेतु 90 लाख, शहीद स्मारकों हेतु 66 लाख, खड़ंजा, सीसी मार्ग, पुलिया आदि पर 3 करोड़ 37 लाख, चौक निर्माण, मिलन केन्द्र आदि पर 3 करोड़ 23 लाख, बारातघर, मंच निर्माण, प्रतीक्षालय आदि पर 2 करोड़ 40 लाख, खेल मैदान निर्माण, समतलीकरण आदि पर 78 लाख, मन्दिर सौंदर्यीकरण, शोभास्थली आदि पर एक करोड़ 57 लाख रुपए खर्च किए गये हैं।
मनोज रावत के अनुसार, विपक्षियों को जबाब देने तथा विधायक निधि को लेकर अब जनता को बताने के लिए वर्चुअल प्रचार शुरू हो गया है। कांग्रेस के कार्यकर्ता खर्च का ब्यौरा सोशल साइटों पर वायरल कर रहे हैं।
