आयोजन: साइकिल रैली निकाल कर  दिया गया मतदाता जागरूकता का संदेश

आयोजन: साइकिल रैली निकाल कर  दिया गया मतदाता जागरूकता का संदेश
Spread the love

 

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने स्वयं साइकिल चलाकर किया रैली में प्रतिभाग

देहरादून। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरूषोत्तम के निर्देश पर साईकिल रैली निकालकर मतदाता जागरूकता का संदेश दिया।
आज यहां मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम के निर्देश पर पुलिस लाइन्स देहरादून में मतदाता जागरूकता साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने स्वयं 20 किलोमीटर दूरी पूरी करते हुए मतदाता जनजागरुकता का संदेश दिया। साइकिल रैली में 250 से अधिक साइकिल प्रेमियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम की शुरुआत मतदाता शपथ के साथ शुरू हुई, जिसके बाद साइकिल रैली पुलिस लाइन्स से होते हुए आराघर चौक, ईसी रोड होते हुए राजपुर रोड, फिर कैनाल रोड पार करते हुए काठबंग्ला पुल पहुंची। यहां से साइकिल रैली वापस उसी मार्ग से पुलिस लाइन्स ग्राउंड पहुंची। रैली के समापन के बाद प्रतिभागियों को उपहार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य मतदाताओं को उनके स्वास्थ्य एवं मताधिकारों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से हर माह थीमवार गतिविधियों का कैलेंडर भी तैयार किया गया है। इस अवसर पर अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डा. विजय कुमार जोगदंडे ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अब वोटर लिस्ट में नाम दर्ज कराने हेतु साल भर में 4 अर्हता तिथियां नियत की गई हैं, जिसमें 1 जनवरी, 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर की तिथियों में 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले मतदाता फॉर्म 6 भरकर मतदाता सूची में अपने नाम दर्ज करने की प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं। इस अवसर पर रैली में प्रतिभाग करने वाले महिला एवं पुरुषों में सबसे अधिक आयु वर्ग, सबसे कम आयुवर्ग के प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। रैली में एसपी ट्रैफिक मुकेश ठाकुर, एडीएम जयभारत सिंह, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, मुक्ता मिश्र, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तु दास, पहाड़ी पैडलर से गजेंद्र रमोला व समीर नरुला सहित बड़ी संख्या में प्रतिभागी मौजूद रहे।

Parvatanchal