ब्रेकिंग न्यूज़: नहीं रही भारत रत्न लता मंगेशकर, अस्पताल में हुआ निधन
मुम्बई। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से रविवार को एक बड़ी दुखद खबर आई है। स्वर कोकिला के नाम से मशहूर और अपनी सुरीली आवाज से दशकों तक दुनिया के लोगों के दिलों पर राज करने वाली सुर-साम्राज्ञी भारत रत्न लता मंगेशकर का 92 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। भारतीय संगीत जगत की इस अद्वितीय प्रतिभा ने रविवार को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में अंतिम सांस ली।
मधुर और सुरीली आवाज के लिए दुनियाभर में मशहूर लता मंगेशकर ने लंबे समय तक भारतीय संगीत विशेष रूप से हिंदी सिनेमा जगत में एकछत्र राज किया।
गौरतलब है कि लता मंगेशकर जनवरी में कोरोना पॉजिटिव पाई गई थी,जिसके बाद उन्हें मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, बाद में उन्हें निमोनिया भी हो गया था। हालत बिगड़ने के बाद उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। उनकी हालत में सुधार के बाद वेंटिलेटर सपोर्ट भी हट गया था,लेकिन 5 फरवरी को अचानक उनकी स्थिति बिगड़ने पर उन्हें फिर से वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया। और आज सुबह उन्होंने 8बजकर 12 मिनट पर अपनी आखिरी सांस ली।
सर्वर कोकिला लता मंगेशकर के निधन पर भारत समेत दुनियाभर की दिग्गज हस्तियों ने शोक जताया है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा, ‘उनका जाना देश के लिए अपूरणीय क्षति है। वे सभी संगीत साधकों के लिए सदैव प्रेरणा थी। लता दीदी प्रखर देशभक्त थी। स्वातंत्र्यवीर सावरकर जी की विचारधारा पर उनकी हमेशा ही दृढ़ श्रद्धा रही है। उनका जीवन अनेक उपलब्धियों से भरा रहा है। लता जी हमेशा ही अच्छे कामों के लिए हम सभी को प्रेरणा देती रही हैं। भारतीय संगीत में उनका योगदान अतुलनीय है।
अपने जीवन में 30 हजार से अधिक गाने गाकर उनकी सुरीली आवाज ने संगीत की दुनिया को सुरों से नवाजा है। वह बेहद ही शांत स्वभाव और प्रतिभा की धनी थी।
लता मंगेशकर के निधन पर शिवसेना के प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद संजय राउत ने लिखा, ‘तेरे बिना भी क्या जीना…!’ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी ट्वीट कर लता मंगेशकर को नमन करते हुए कहा कि लता दीदी का जाना कला क्षेत्र के लिए अपूर्णीय क्षति है। लता दीदी दया से भरी हुई थी। वो देश मे एक ऐसी जगह खाली छोड़ गई हैं जिसे कभी भरा नही जा सकता। हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की कई हस्तियों ने भी लता मंगेशकर के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए इसे भारतीय संगीत जगत के लिए अपूर्णीय क्षति बताया है।
