अपराध: किशोरी से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, सहेलियों के साथ घर से निकली नाबालिग लापता
रुद्रपुर। पुलिस ने किशोरी के परिजनों की अनुपस्थिति में दुष्कर्म करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। एसएसआई बिक्रम सिंह धामी ने बताया कि एक फरवरी को ग्रामीण अंचल की महिला ने उसकी 13 वर्षीय नाबालिग पुत्री के साथ दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। आरोपी ने माता-पिता की अनुपस्थिति में घर में घुसकर किशोरी के साथ दुष्कर्म किया था। आरोपी घटना के बाद फरार था। मंगलवार की रात्रि में पुलिस ने आरोपी बूटा सिंह उर्फ बलवन्त सिंह पुत्र मक्खन सिंह निवासी औदली को मुखबिर की सूचना पर ग्राम औदली सितारगंज से गिरफ्तार किया। टीम में एसएसआई विक्रम सिंह धामी, एसआई बबीता, एएसआई राकेश सिंह रौंकली, अशोक बोरा शामिल रहे।
दूसरी तरफ, माता-पिता की गैर मौजूदगी में सहेलियों के साथ घूमने के लिए निकली एक नाबालिग लापता हो गयी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली है। एक व्यक्ति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीती 26 जनवरी की दोपहर वह और उसकी पत्नी दवाई लेने रामपुर गए थे। इस दौरान उसकी 16 वर्षीय और 14 वर्षीय पुत्री घर पर ही थीं। इस दौरान बड़ी पुत्री घूमने का बहाना बनाकर अपनी दो सहेलियों के साथ घर से चली गई और वापस नहीं लौटी। जब वे घर वापस आए तो उन्होंने पुत्री के बारे में उसकी सहेलियों से जानकारी ली। सहेलियों ने बताया कि वह ई-रिक्शा में बैठकर कहीं चली गई है। तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली है।

