दबंगई: ट्यूशन पढ़ने पहुंचे छात्र के साथ हॉकियों से मार-पीट, गंभीर रूप से घायल पीड़ित देहरादून रेफर
रुड़की। सोसायटी रोड पर ट्यूशन पढ़ने आए छात्र के साथ तीन लड़कों ने हॉकी से मारपीट कर दी, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें लगी हैं। डॉक्टरों ने छात्र की हालत खतरे में बताकर उसे देहरादून रेफर कर दिया है। उसके पिता ने एक नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। दाबकी निवासी उत्तम कुमार का बेटा रक्षित लक्सर के सोसायटी रोड पर एक टीचर के पास ट्यूशन पढ़ने आता है। शुक्रवार तड़के सोसायटी रोड पर सामने से आ रही बाइक से रक्षित को टक्कर लग गई, जिससे उसे हल्की फुल्की चोट लगी। बाइक पर सवार तीन युवक सवार थे। उनमें से एक के हाथ में हॉकी की स्टिक थी। रक्षित ने उनको ठीक से बाइक चलाने को कहा तो नाराज होकर तीनों ने हॉकी से उसके साथ जमकर मारपीट कर डाली। पीड़ित छात्र की हालत गंभीर बताई जा रही है।
दूसरी ओर, खेत में खड़े पेड़ को काटने का विरोध करने पर कुछ लोगों ने ग्रामीण के साथ मारपीट कर दी। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार अलावलपुर गांव निवासी ब्रजपाल ने प्रार्थना पत्र देकर बताया कि खेत में खड़ी पेड़ काटने का विरोध करने पर कुछ लोगों ने उसके परिजनों के साथ मारपीट कर दी। साथ ही उन्होंने जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने अलावलपुर निवासी पीड़ित बृजपाल की तहरीर के आधार पर अशोक कुमार, गुड्डी , पायल, नैंसी निवासी अलावलपुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। उप निरीक्षक शहजाद अली ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है।

