बड़ी खबर: उत्तरकाशी जिले में भूकंप के झटकों से दहशत

बड़ी खबर: उत्तरकाशी जिले में भूकंप के झटकों से दहशत
Spread the love

उत्तरकाशी। जिले में शुक्रवार को भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। एक ही दिन में लगातार तीन बार भूकंप के झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। लोग डर के मारे घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर दौड़ पड़े। जिला मुख्यालय उत्तरकाशी में सबसे ज्यादा झटके महसूस किए गए। शुक्रवार को सुबह 7 बजकर 41 मिनट पर भूकंप का पहला झटका महसूस किया गया। जिसकी रिक्टर पैमाने पर तीव्रता 2.7 रही। इस भूकंप का केंद्र जिला मुख्यालय स्थित ग्राम तिलोथ के पास बताया जा रहा है। जिसकी गहराई जमीन से पांच किमी अंदर रही। केंद्र जिला मुख्यालय के नजदीक होने के कारण कम तीव्रता के बावजूद भूकंप का झटका काफी जोरदार रहा। इसके बाद 8: 19 बजे 3.5 तीव्रता का भूकंप का झटका फिर महसूस किया गया। जिसका केंद्र तहसील भटवाड़ी के दयारा बुग्याल के वन क्षेत्र में रहा। इस भूकंप की गहराई भी जमीन से पांच किमी अंदर रही। इसके बाद 10 बजकर 59 मिनट पर फिर से भूकंप के झटके महसूस किए गए। हालांकि इस भूकंप की तीव्रता और केंद्र का पता नहीं चल सका। उत्तरकाशी में लगातार भूकंप के झटके महसूस होने पर लोग भयभीत हो उठे। सुबह 8 बजकर 19 मिनट पर आए भूकंप के झटके काफी तेज थे, जिस कारण लोग भय के मारे घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की तरफ दौड़े। जिससे जिले के लोगों में 1991 में आए विनाशकारी भूकंप की यादें ताजा हो उठी। जिला आपदा कंट्रोल रूम के अनुसार, भूकंप से जनपद में किसी प्रकार की जन-धन की हानि की सूचना नहीं है। जिला मुख्यालय समेत मनेरी, तहसील भटवाड़ी और डुंडा के कुछ क्षेत्र में भूकंप के झटके महसूस किये गये। जिले के अन्य तहसील क्षेत्र में भूकंप के झटके महसूस नहीं किए गए।

Parvatanchal