रोडवेज: यात्रियों को सुरक्षित सफर कराने को की जा रही है चालकों की काउंसिलिंग

रोडवेज: यात्रियों को सुरक्षित सफर कराने को की जा रही है चालकों की काउंसिलिंग
Spread the love

रुद्रपुर।  तराई में सर्दी के बढ़ते सितम को लेकर रुद्रपुर डिपो की ओर से एहतियात बरतना शुरू कर दिया है। ठंड के दिनों में यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक सफर कराने के लिए चालकों की विशेष काउंसिलिंग की जा रही है। एआरएम केएस राणा ने बताया कि इस काउंसलिंग का मुख्य उद्देश्य चालकों को ठंड के मौसम में सुरक्षित और प्रभावी तरीके से गाड़ी चलाने के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि लगातार तापमान में आ रही गिरावट के चलते कोहरे के प्रकोप से सड़क पर दृश्यता कम होने लगी है। इसके चलते वाहन चलाने के दौरान कई चुनौतियां होती हैं, जैसे कि सड़क की फिसलन और दृश्यता की कमी। इन समस्याओं का सामना करने के लिए चालकों को विशेष ध्यान देने की आवश्यकता होती है। ऐसे में काउंसिलिंग के माध्यम से उन्हें इन चुनौतियों का सामना करने के लिए आवश्यक कौशल सिखाए जा रहे हैं।
एआरएम केएस राणा ने बताया कि कोहरे के चलते हाल ही में देहरादून और दिल्ली रूट के बसों के समय में बदलाव किया गया है। उन्होंने बताया कि इस काउंसिलिंग के तहत चालकों को ठंड में गाड़ी चलाने के दौरान ध्यान रखने योग्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसमें सही तरीके से गर्म कपड़े पहनने, गाड़ी के हीटिंग सिस्टम का सही उपयोग करने और सड़क पर सतर्क रहने की सलाह शामिल है। उन्होंने बताया कि काउंसिलिंग के अलावा सभी गाड़ियों में आवश्यक सुरक्षा उपकरण को दुरुस्त रखने के निर्देंश सभी चालक-परिचालकों को दिए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि अगले सोमवार से पंजाब, आगरा और अन्य बड़े रूट की गाड़ियों का समय में बदलाव किया जाएगा।

Parvatanchal