सियासत: विजय ने लालकुंआ को हरदा के लिए बताया राजनीतिक मौत का कुंआ
हल्द्वानी । उत्तराखंड में शुक्रवार को नामांकन का आखिरी दिन था। अब नेता प्रचार-प्रसार में जुट गए हैं। सियासी तीर छोड़ना व एक-दूसरे पर हमलावर होना भी प्रचार का ही महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसकी शुरुआत कल हरीश रावत ने कांग्रेस की बुकलेट लांच करते समय हल्द्वानी में की। उन्होंने कहा कि भाजपा सैनिकों का अपमान कर रही है। वह ऐसे दिखाती है जैसे पाकिस्तान को जवाब मोदी के बाद से ही सेना ने देना शुरू किया है। यह पूर्व में जीते गए युद्धों में हिस्सा लिए सैनिकों का अपमान है। वहीं इसके जवाब में दूसरे दिन ही पूर्व सीएम विजय बहुगुणा ने पलटवार किया। उन्होंने भी हरदा पर तीखे हमले किए। विजय ने कहा कि पीएम नरेन्द्र मोदी उत्तराखंड को देश के सबसे विकसित राज्य के तौर पर देखना चाहते हैं। यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि उन्हें राज्य से भावनात्मक लगाव है। दून और हल्द्वानी में पीएम की रैली से पूरा माहौल बदल चुका है। वहीं, लालकुआं विधानसभा से चुनाव लड़ रहे पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पर विजय ने कहा कि लालकुआं हरदा के लिए राजनैतिक मौत का कुआं साबित होगा।शनिवार दोपहर भाजपा संभाग कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए विजय ने कहा कि दो साल कोविड की वजह से हर सेक्टर के काम प्रभावित रहे। लेकिन हालात सुधरते ही राज्य सरकार अपने सभी वादे पूरे करने में जुट गई।
