ब्रेकिंग न्यूज: ऑपरेशन के बाद महिला के पेट में छोड़ा तौलिया, फट गई आंत

19 दिन तक दर्द से कराहती रही करिश्मा
सहारनपुर। यूपी के सहारनपुर में स्थित जिला महिला अस्पताल में एक बार फिर लापरवाही का बड़ा मामला सामने आया है। आरोप है कि यहां ऑपरेशन के दौरान महिला के पेट में तौलिया छोड़ दिया। ऑपरेशन से महिला को बेटी हुई। परिजन महिला को घर ले गए। दो दिन बाद महिला को पेट में दर्द की शिकायत होने लगी। निजी अस्पताल में महिला को भर्ती कराया, जहां पता चला कि पेट में तौलिया है। इसकी वजह से पेट की आंत फटी हुई है। दोबारा ऑपरेशन कर महिला के पेट से तौलिया निकाला गया।
दरअसल, साढ़ौली पिलखनी के रहने वाले सूरज की पत्नी करिश्मा गर्भवती थीं। 25 नवंबर को पत्नी के पेट में दर्द की शिकायत हुई। इसके बाद परिजन उसे महिला अस्पताल लेकर पहुंचे। करिश्मा को ऑपरेशन से बेटी हुई। आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान महिला के पेट में तौलिया छोड़ दिया गया। एक-दो दिन सामान्य रहा, लेकिन तीसरे दिन पेट में दर्द होने लगा।
इंजेक्शन लगाते ही फूलने लगा महिला का पेट
पीडि़ता ने बताया कि ससुराल के लोग दोबारा महिला अस्पताल लेकर आए। पेट में दर्द होने की बात बताई। इसके बाद डॉक्टर ने इंजेक्शन लगा दिया। महिला ने बताया कि इंजेक्शन लगाते ही उसका पेट फूलने लगा। दर्द और बढ़ गया। इसके बाद महिला को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां महिला की हालत देखकर हायर सेंटर रेफर कर दिया।
परिजन महिला को लेकर बराड़ा मेडिकल कॉलेज ले गए। वहां इलाज में काफी खर्च हुआ। महिला ने वहां ऑपरेशन करने से मना कर दिया। परिजन दिल्ली रोड स्थित एक निजी अस्पताल लेकर आ गए। जहां पर महिला का फिर से ऑपरेशन हुआ।
ऑपरेशन के दौरान महिला के पेट से तौलिया निकाला गया। इस वजह से आंत फट गई। उसके बाद महिला को चंडीगढ़ भेजा गया। सीएमओ डॉ. प्रवीण कुमार ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी।

