दल-बदल: कांग्रेस ने पार्टी से निकाला तो भाजपा के हो गए किशोर

दल-बदल: कांग्रेस ने पार्टी से निकाला तो भाजपा के हो गए किशोर
Spread the love

संवाददाता
देहरादून, 27 जनवरी। उत्तराखंड के सियासी गलियारों से गुरुवार को एक बड़ी खबर आई है। हाईकमान की तमाम चेतावनियों को दरकिनार कर  खुलेआम पार्टी विरोधी गतिविधियों को अंजाम दे रहे पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उपाध्याय  को पार्टी ने आखिरकार बाहर का रास्ता दिखा ही दिया। कांग्रेस ने  किशोर को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। जैसे कि पिछले काफी समय से उनकी गतिविधियों से संकेत मिल रहे थे, कांग्रेस से निकाले जाने के तुरंत बाद किशोर ने भाजपा का दामन थाम लिया है।  गौरतलब है कि भाजपा से उनकी नजदीकियों की खबरों के बीच पिछले दिनों पार्टी ने उन्हें सभी पदों से हटा दिया था। हालांकि उपाध्याय ने उन्हें लेकर जारी चर्चा पर अपना स्पष्टीकरण भी भेजा था। लेकिन कांग्रेस हाईकमान ने पार्टी से निष्कासित करने में ही भलाई समझी।

निष्कासन के तुरंत बाद  किशोर ने भाजपा का दामन थाम कर अपने सियासी ठिकाने का बंदोबस्त कर लिया है।। माना जा रहा है कि  किशोर अब टिहरी से भाजपा उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ेंगे।

Parvatanchal