ब्रेकिंग न्यूज: अल्मोड़ा और पौड़ी के एआरटीओ सस्पेंड, बस हादसे पर सीएम धामी सख़्त 

Spread the love

 

देहरादून। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने पौड़ी और अल्मोड़ा के संबंधित क्षेत्र के एआरटीओ प्रवर्तन को निलंबित करने के निर्देश देते हुए हादसे में मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये और घायलों को 1-1 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की। इसके साथ ही सीएम धामी ने आयुक्त कुमाऊं मंडल दीपक रावत को घटना की मजिस्ट्रेट जांच के निर्देश दिए हैं।
इससे पहले सीएम पुष्कर सिंह धामी ने अल्मोड़ा में बस हादसे पर सचिव आपदा प्रबंधन,आयुक्त कुमाऊँ मंडल और डीएम अल्मोड़ा से फोन पर बात कर घटना की जानकारी ली और बचाव और राहत कार्य तेजी से चलाने के निर्देश दिए। एसडीआरएफ के साथ ही एनडीआरएफ की टीम भी घटना स्थल पर पहुँच गई हैं। रेस्क्यू और बचाव कार्य प्रारंभ कर दिया गया।
गौरतलब है कि उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के सल्ट में आज एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि मर्चुला के पास कूपी सड़क पर आज एक बस सल्ट से रामनगर की ओर जा रही थी। इसी दौरान चालक ने बस से नियंत्रण खो दिया। देखते ही देखते बस 150 मीटर गहरी खाई में समा गई। खाई में बस के परखच्चे उड़ गए। सूचना मिलते ही आसपास के तमाम लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ की टीम भी रेस्क्यू में जुट गई। अब तक टीमों ने 38 मृतकों के शवों को बाहर निकाल लिया है। डीडीएमओ विनीत पाल ने बताया कि रेस्क्यू अभियान जारी है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें रेस्क्यू में जुटी हुई हैं। भीषण हादसे से पूरे राज्य में शोक की लहर छाई हुई है।उन्होंने बताया कि अभी तक हादसे में मरने वाले 38 लोगों के शव बाहर निकाल लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है।

Parvatanchal