शिकंजा: धोखाधड़ी के आरोपी को पुलिस ने राजस्थान से दबोचा, पीड़ित से हड़प लिए थे 28 लाख रुपये

शिकंजा: धोखाधड़ी के आरोपी को पुलिस ने राजस्थान से दबोचा, पीड़ित से हड़प लिए थे 28 लाख रुपये
Spread the love

चमोली।  कर्णप्रयाग पुलिस ने धोखाधड़ी के मामले में उत्तर प्रदेश के एक युवक को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। कोर्ट में पेश करने के बाद पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया गया है। थाने से मिली जानकारी के अनुसार, 31 जुलाई को पीएमजीएसवाई खंड लोनिवि कर्णप्रयाग के अपर सहायक अभियंता विपिन नौटियाल ने तहरीर दी कि उन्होंने दो माह पूर्व फेसबुक पर शेयर मार्केट से संबंधित विज्ञापन के नीचे दिये गए एक लिंक पर क्लिक किया। जिसके उपरांत उन्हें बताया गया कि यह ग्रुप गौरव पोंडार ने अंतर्राष्ट्रीय स्टॉक प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभागिता सुदृढ़ करने के लिये उनके द्वारा शेयर मार्केट से सुझाव से लाभान्वित होने वाले लोगों की सहायता प्राप्त करने के लिये बनाया गया है।
कुछ समय बाद अंकित नाम के एक अन्य व्यक्ति ने उन्हें मैसेज करके बताया कि वह गौरव पोंडार का असिस्टेंट है और वे लोग बजाज फ़ाइनेंशियल सिक्योरिटीज़ लिमिटेड में कार्यरत हैं। वह अपने 100 लाख से ज्यादा सदस्य होने की खुशी में अपने सदस्यों में 100 करोड़ रुपये वितरित कर रहा है, जिसमें पांच हजार रुपये से लेकर एक करोड़ तक प्राप्त कर सकते हैं। इस स्कीम में भाग लेने के लिये वादी को बजाज ऐप का लिंक भेजकर रजिस्ट्रेशन करने को कहा गया। फिर धनराशि जमा करने के नाम पर उनके साथ लगभग 28 लाख की धोखाधड़ी हो गई।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई और 23 वर्षीय आरोपी शशि कुमार पुत्र प्रवेंद्र कुमार, निवासी 04/149 नगला पृथ्वीनाथ, रामबाबू हरितवाली गली, थाना शाहगंज (उत्तर प्रदेश) को दबिश देकर 10 अक्तूबर को इंद्रानगर थाना अटलबंध, भरतपुर राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया गया। ट्रांजिस्ट रिमांड प्राप्त कर उसे शनिवार को जनपद चमोली लाया गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह लोगों से ठगी करके अपने एक्सेस बैंक के खाते में धनराशि एकत्र करता था।

Parvatanchal