हादसा: अज्ञात वाहन से टकराकर बाइक सवार की मौत, साथी गंभीर रूप से घायल
लक्सर। देर शाम लक्सर में हरिद्वार-पुरकाजी हाईवे पर एक बाइक की किसी अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका एक साथी घायल है। पुलिस शव का पोस्टमार्टम करा रही है। खानपुर क्षेत्र के तुगलपुर गांव निवासी पंकज (23 साल) पुत्र काला और समर (19 साल) पुत्र नरेश गत दिवस बाइक लेकर किसी काम से लक्सर आए थे। देर शाम वापस लौटते समय हरिद्वार-पुरकाजी नेशनल हाईवे पर शेखपुरी गांव के पास उनकी बाइक किसी अज्ञात वाहन से टकरा गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची लक्सर पुलिस ने दोनों को अस्पताल भेजने के साथ ही उनके घर पर जानकारी दी। अस्पताल से पंकज को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। परिजन उसे लेकर हायर सेंटर के लिए निकले, परंतु वहां पहुंचने से पहले ही उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस को पता चला तो पुलिस ने शव अपने कब्जे में ले लिया। लक्सर कोतवाली के एएसआई रंजीत नौटियाल ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इसके बाद अगर परिजन तहरीर देंगे, तो मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

