सफलता: पुलिस ने हरियाणा से दबोचा नाबालिग़ का अपहरण और दुष्कर्म करने का आरोपी
विकासनगर। नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने और दुष्कर्म के आरोपी को सहसपुर पुलिस ने हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के चंगुल से नाबालिग को भी छुड़ाकर परिजनों को सौंप दिया है। आरोपी के खिलाफ अपहरण के साथ ही पॉक्सो ऐक्ट में मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया। यहां से उसे जेल भेज दिया गया है। थाना प्रभारी सहसपुर मुकेश त्यागी ने बताया कि 22 सितंबर को एक महिला ने सूचना दी कि अज्ञात व्यक्ति उनकी 16 वर्षीय बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। तहरीर पर आरोपी के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर आरोपी और किशोरी की तलाश शुरू की गई। मामले की गम्भीरता को देखते हुए एक पुलिस टीम का गठन किया गया। गठित पुलिस टीम ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही सर्विलांस के माध्यम से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। इसके बाद आरोपी विश्वास पुत्र धनु निवासी ग्राम नंगला खुर्द, जिला सहारनपुर (यूपी) को शुक्रवार को हरियाणा में सेक्टर-14, गुडगांव से गिरफ्तार किया गया। उसके चंगुल से किशोरी को भी छुड़ा लिया है। पीडि़ता ने पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो ऐक्ट में भी मुकदमा दर्ज किया गया है।

