आशंका: झील का जलस्तर बढ़ने से भूधंसाव का खतरा, लोगों में दहशत का माहौल
उत्तरकाशी। टिहरी बांध झील का जलस्तर 819 आरएल पहुंचने पर झील के तटवर्ती क्षेत्रों में भू-धंसाव का खतरा बढ़ गया है। इससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। यहां आर्च ब्रिज से चिन्यालीसौड़ तक जाने वाले मोटर मार्ग में सुरक्षा के इंतजाम न होने पर झील के बढ़ते जलस्तर से स्कूली छात्रों तथा ग्रामीणों की आवाजाही जोखिम में हो रही है। व्यापार मंडल व स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने बीते दिन ईओ नगर पालिका से मुलाकात कर सुरक्षा कार्य करवाने की मांग रखी। उन्होंने तत्काल सुरक्षा का आश्वासन दिया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने यहां टीएचडीसी से भी सुरक्षात्मक कार्य करवाने की मांग की है। नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष शूरवीर सिंह रांगड़ ने बताया कि टिहरी बांध की झील के बढ़ते जलस्तर से प्रभावित 16 गांव के तटवर्तीय आबादी वाले क्षेत्रों में जहां भू-धंसाव के खतरे से दहशत का माहौल है। वहीं झील किनारे सुरक्षा इंतजाम न होने के कारण लोगों को पैदल रास्तों पर जान हथेली में रखकर आवाजाही करनी पड़ रही है। कहा कि नगर पालिका चिन्यालीसौड़ के आर्च ब्रिज से जोगत मोटर मार्ग से सैकड़ों ग्रामीणों सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं आवाजाही करते हैं। लेकिन टीएचडीसी द्वारा कोई भी सुरक्षा के इंतजाम यहां पर नहीं किए गए हैं। इससे कई मवेशियों सहित स्थानीय लोगों की झील में डूबने से मौत हो चुकी है।

