ब्रेकिंग न्यूज: बालाजी ज्वैलर्स शोरूम में डकैती डालने वाला एक बदमाश पुलिस मुठभेड़ में ढेर

ब्रेकिंग न्यूज: बालाजी ज्वैलर्स शोरूम में डकैती डालने वाला एक बदमाश पुलिस मुठभेड़ में ढेर
Spread the love

हरिद्वार। हरिद्वार ज्वेलरी शोरूम डकैती कांड का बदमाश देर रात पुलिस मुठभेड़ में ढेर हो गया। लूटकांड के बाद से ही हरिद्वार पुलिस एक्शन मोड पर है। रविवार देर रात बहादराबाद थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई।

बताया जा रहा है कि पुलिस ने चेकिंग के दौरान बदमाशों को रुकने का इशारा किया। जिस पर बदमाशों ने पुलिस पर फायर झोंक दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश को गोली लग गई, जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठा कर फरार हो गया। घायल बदमाश को पुलिस ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना पर मौके पर पहुंचे एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल का कहना है कि रात करीब 9.30 बजे से लगातार चेकिंग की जा रही थी और समस्त थाना क्षेत्र में यह चेकिंग एसपी सिटी के नेतृत्व में कराई जा रही थी। इसी बीच सूचना प्राप्त हुई कि कुछ लोगों ने बहादराबाद पथरी रोह पुल के पास से भागने की कोशिश की है।

बहादराबाद क्षेत्र से पुलिस के द्वारा जब उनको रोकने का प्रयास किया गया तो उन्होंने पुलिस के ऊपर फायर झोंक दिया और पथरी रोह पुल की ओर भाग निकले। जहां पर उनकी गाड़ी आगे जाकर स्लिप हो गई और उसके बाद वो उठ कर जंगल की ओर भागने लगे। पुलिस के द्वारा जब उनको रोकने की कोशिश की गई तो बदमाशों ने पुलिस पर फायर झोंका दिया।

जिसके बाद पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इसी गोलीबारी में एक बदमाश घायल हो गया जिसको अस्पताल में मृत घोषित किया गया। बताया कि मारे गए बदमाश की शक्ल श्रीबालाजी ज्वेलर्स में करोड़ों की डकैती डालने वाले एक बदमाश से मिलती है। फरार बदमाश की तलाश जारी है, जिसको जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि फॉरेंसिक की टीम मौके पर पहुंच गई है और घटनास्थल की पड़ताल कर रही है।

Parvatanchal