मुठभेड़: बदमाशों ने पुलिस पर झोंका फायर, जवाबी फायरिंग में एक बदमाश को लगी गोली
हरिद्वार। जिले के मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। जिसमें पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया। हालांकि दो अन्य बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को सिविल अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया है।
जानकारी के मुताबिक बीती रात मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के लिब्बरहेड़ी गांव में एक महिला ने पायल गिरवी रखने और इलाज का बहाना बनाकर 10 हजार रुपए देने की बात कहते हुए फाइनेंसकर्मी के घर का दरवाजा खुलवाया था। जिसमें फाइनेंसकर्मी ने पैसे देने में असमर्थता जताई थी। इसी दौरान घर के पास छिपे तीन हथियारबंद बदमाश अंदर घुस आए और फाइनेंसकर्मी के हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए थे। साथ ही शोर मचाने पर सिर पर तमंचा सटाकर जान से मारने की धमकी दी थी।

इसके बाद बदमाश घर में रखी एक लाख की नकदी और लाखों की कीमत के जेवरात लूटकर फरार हो गए थे। बाद सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों की तलाश में धरपकड़ अभियान चलाया गया। लेकिन पुलिस को सफलता नहीं मिली।
वहीं दूसरी ओर बीती रात पुलिस नसीरपुर कलां गांव के पास तलाशी अभियान चला रही थी।
इसी दौरान एक कार से आ रहे बदमाश पुलिस टीम को देखकर वापस भागने का प्रयास करने लगे। जिसमें से एक बदमाश मेहराज पुत्र कमरूद्दीन निवासी गढ़मुक्तेश्वर जिला हापुड़ ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। इसके बाद पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लग गई और बदमाश घायल हो गया।
इसके बाद पुलिस टीम द्वारा बदमाश को गिरफ्तार कर रुड़की के सिविल अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। मंगलौर में हुई लूट के मामले में भी यही बदमाश शामिल रहे हैं। पुलिस ने उसके पास से लूटे गए गहने और 5 हजार रुपए की नगदी बरामद की है। पुलिस अन्य बदमाशों को तलाश कर रही है।

