प्रतिभा: इस जिले के युवाओं ने भी पीसीएस परीक्षा में पाई सफलता
नई टिहरी। उत्तराखंड लोकसेवा आयोग की ओर से आयोजित पीसीएस परीक्षा 2021 का परिणाम घोषित हो गया है। परीक्षा में विभिन्न पदों पर टिहरी जिले के युवाओं ने भी सफलता हासिल की है। युवाओं की सफलता पर परिजन और सगे संबंधियों ने खुशी जताई है। जौनपुर ब्लॉक के डांडा की बेली और वर्तमान में नई टिहरी निवासी आकाश सिंह बेलवाल का चयन बीडीओ पद के लिए हुआ है। उनके पिता आनंद सिंह बेलवाल जिला न्यायालय में अधिवक्ता हैं, जबकि मां सरोज बेलवाल शिक्षिका हैं। आकाश की शिक्षा नई टिहरी के बीवीएस और कान्वेंट स्कूल से हुई है। जबकि बीटेक की पढ़ाई रुड़की कोर इंजीनियरिंग कालेज से हुई है। उन्होंने घर पर रहकर ही तैयारी कर इस प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता पाई है। वहीं नई टिहरी के बौराड़ी निवासी आशीष सिंह गुसाईं का चयन भी सहायक आयुक्त राज्य कर के लिए हुआ है। वर्तमान में वह चंपावत में नायब तहसीलदार पद पर कार्यरत हैं। उनके पिता धर्म सिंह गुसाईं शिक्षक और मां मंजू देवी गृहणी है। आशीष की शिक्षा विद्या मंदिर नई टिहरी से हुई है। वह बोर्ड परीक्षा के टॉपर भी रहे हैं। इससे पहले उनका चयन वन विभाग में रेंजर पद पर भी हो चुका है। सफलता का श्रेय परिजनों और गुरुजनों को दिया है। कहा कि सेल्फ स्टडी से उन्हें सफलता मिली है। प्रतापनगर के लिखवार गांव निवासी सचिन पैन्यूली का चयन सहायक निदेशक वनस्पति विज्ञान में हुआ है। उनके भाई व लिखवारगांव के प्रधान चंद्रशेखर पैन्यूली ने बताया कि सचिन शुरू से ही मेहनती रहे हैं। उनके पिता अनिल पैन्यूली उप प्रभागीय वनाधिकारी नरेंद्रनगर के पद पर तैनात हैं। सचिन वर्तमान में गढ़वाल विवि से पीएचडी भी कर रहे हैं।

