बड़ी खबर: तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा को मारी जबरदस्त टक्कर, 3 महिलाओं सहित चार की मौत
मृतकों में एक गर्भवती महिला भी शामिल
रुद्रपुर। देर रात नैनीताल हाईवे पर एक तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शे के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में ई-रिक्शे में बैठी पांच महिलाओं में तीन महिलाओं समेत ई-रिक्शा चालक की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मिली जानकारी के अनुसार, देर रात एक महिला ज्योति को अचानक लेबर पेन होने लगा तो परिजन और आसपास की महिलाएं उसे ई-रिक्शा से जिला अस्पताल लेकर पहुंची थीं। देर रात डॉक्टर ने परीक्षण के बाद उन्हें घर भेज दिया था। लगभग ढाई बजे रात गर्भवती महिला को लेकर महिलाएं ई-रिक्शे से घर लौट रही थीं। जैसे ही वह अटरिया मोड़ से आगे पहुंचे एक तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शे के परखच्चे उड़ गए। ई-रिक्शे में बैठी गर्भवती समेत पांच महिलाएं और चालक गंभीर रूप से घायल हो गये। घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने गर्भवती महिला समेत तीन महिलाओं को रेफर कर दिया, जबकि दो महिलाओं सहित ई-रिक्शा चालक को मृत घोषित कर दिया। हल्द्वानी सुशीला तिवारी अस्पताल में उपचार के दौरान गर्भवती महिला की भी मौत हो गई, जबकि अन्य महिलाओं का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

