एक्शन: नगर निगम ने सड़कों पर आवारा घूम रहे गौवंशों को पहुंचाया गौशाला
नागरिकों को दी गयी चेतावनी
राजेंद्र शिवाली
कोटद्वार। नगर निगम द्वारा चलाए गए अभियान के तहत भाबर क्षेत्र के दुर्गापुरी व घमंडपुर आदि क्षेत्रों में सड़कों पर आवारा छोड़े गए लगभग 12 गौवंशों को पकड़कर आकृति गौशाला में पहुंचाया गया। इनकी देखभाल अब आकृति गौशाला द्वारा की जाएगी। नगर आयुक्त वैभव गुप्ता ने बताया कि नगर निगम की टीम द्वारा लगातार आवारा गौवंशों को पकड़कर आकृति गौशाला में पहुंचाया जा रहा है। आवारा गौवंशों को पकड़ने वाली टीम में प्रभारी पर्यावरण पर्यवेक्षक जीतेन्द्र, पर्यावरण मित्र विशाल, अनुराग, राहुल, यश आदि कर्मचारी शामिल हैं, जिनके द्वारा प्रतिदिन सड़कों पर छोड़े गए गौवंशों को नगर निगम की कैटल कैचर वाहन की सहायता से आकरति गौशाला पहुंचाया जा रहा है। नगर आयुक्त वैभव गुप्ता ने सभी नागरिकों से अपने गौवंशों को सड़कों पर आवारा न छोड़ने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी नागरिक द्वारा अपने गौवंश को सार्वजनिक स्थानों पर आवारा छोड़े जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

