हिंसक: आपसी विवाद में चल गए हथौड़ा-छेनी, दो लोग घायल, एक की हालत गंभीर
राजेन्द्र शिवाली
कोटद्वार। आज सुबह करीब 11 बजे दो पक्षों में रास्ते को लेकर हुए विवाद में दो लोग घायल हो गए। एक की हालत गंभीर बताई जाती है। घटना विकासनगर गाड़ीघाट स्थित परमेश्वरी पैलेस के सामने की बताई जाती है। प्राप्त जानकारी के अनुसार एक पक्ष के राधेश्याम प्रजापति और उसके भाई सीता राम प्रजापति का दूसरे पक्ष के राजकुमार और उसके भाई राजेश के बीच किसी रास्ते को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। आज सुबह भी करीब 11 बजे रास्ते को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि दूसरे पक्ष के राजकुमार और उसके भाई राजेश ने पहले पक्ष के राधेश्याम और उसके भाई सीता राम पर हथौड़े और छीनी से हमला बोल दिया। हमले में राधेश्याम गंभीर रुप से घायल हो गया, जबकि सीता राम के सिर पर भी गहरी चोट आई है। दोनों भाइयों को बेस चिकित्सालय में लाकर भर्ती कराया गया है। दूसरे पक्ष के राजकुमार के सिर पर भी चोट आई है। दोनों पक्षों की ओर से समाचार बनाए जाने तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है।

