पहल: इस नगर निगम ने खोला प्लास्टिक बैंक व आरआरआर सेंटर, नगर आयुक्त ने किया उद्घघाटन
राजेन्द्र शिवाली
कोटद्वार। भारत सरकार के मिशन लाइफ के अंतर्गत ‘लाइफ स्टाइल फोर इनवायरमेंट’ का नगर निगम कोटद्वार स्थित मालवीय उद्यान में आज प्लास्टिक बैंक एवं आरआरआर सेंटर का उद्घघाटन नगर आयुक्त वैभव गुप्ता द्वारा किया गया। इस सेंटर को बनाने 1380 प्लास्टिक बोतल में 103500 प्लास्टिक रेपर और 1035 किलो इनरट वेस्ट का उपयोग किया गया है। नगर आयुक्त वैभव गुप्ता ने बताया कि आरआरआर सेंटर एक मंत्रा है जिससे पर्यावरण को प्रदूषणमुक्त बनाया जा सकता है, जिसे प्रत्येक व्यक्ति द्वारा अमल में लाया जाना है। हर व्यक्ति को कोशिश करनी है कि कम से कम कूड़े का उत्पादन करे और उत्पादित कूड़े का पुनः उपयोग करे तथा अन्य शेष कूड़े को पुनर्चक्रण करें। उन्होंने कहा कि इस पहल का सीधा असर सस्टेनेबल डेवलपमेंट गोल्स (एडीजी) के 07 इंडीकेटर पर होगा। श्री वैभव गुप्ता के अनुसार नगर निगम की ओर से जनजागरुकता हेतु अनेक स्वच्छता अभियान, स्वच्छता प्रतियोगिता और वेस्ट टू वंडर पार्क जैसी गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी स्कूलों, बैंकों, कार्यालयों तथा हर व्यक्ति को अपने घरों से निकलने वाले कपड़े, खिलौने, कागज, किताबें, इको ब्रिक, प्लास्टिक वेस्ट, इलेक्ट्रॉनिक वेस्ट तथा थर्माकोल के उपयोग के बाद उसके पुनः उपयोग एवं रिसाइक्लिंग हेतु प्लास्टिक बैंक एवं आरआरआर सेंटर में जमा करें और अपने शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने में सहयोग करें।

