ऐहतियात: डायरिया की रोकथाम हेतु स्वास्थ्य विभाग ने चलाया वृहद जागरूकता अभियान

ऐहतियात: डायरिया की रोकथाम हेतु स्वास्थ्य विभाग ने चलाया वृहद जागरूकता अभियान
Spread the love

 

उत्तरकाशी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा विगत माह से अन्य सहयोगी विभागों की सहभागिता के साथ भारत सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा दिये गये दिशा-निर्देशों के क्रम में 31 अगस्त 2024 तक डायरिया रोकथाम हेतु सघन डायरिया पखवाड़ा पूरे जनपद में चलाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य शिशु मृत्युदर में कमी लाना है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी, डॉ बी एस रावत द्वारा बताया गया कि मानूसन सीजन में पूरे परिवार के साथ बच्चों के स्वास्थ्य की देखभाल की विशेष आवश्यकता होती है क्योंकि मानसून सीजन में समुदाय स्तर पर अनेकों बीमारियों के फैलने व प्रसार का खतरा बना रहता है, साथ ही बच्चों में उल्टी एवं दस्त होने की संभावना अत्यधिक रहती है।

उन्होंने कहा कि आजकल बरसात के मौसम में जलस्रोतों के दूषित होने की संभावना अत्यधिक होती है, जिससे अनेक प्रकार के वैक्टेरिया उत्पन्न होने के फलस्वरूप कई बीमारियां फैलने का डर बना रहता है, इसलिए उनके द्वारा जनपद के सभी नागरिकों से अपील की गई है कि आजकल पानी को साफ कपड़े से छानकर व उबालकर ही उपयोग करें। डायरिया पखवाड़े के अन्तर्गत राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम टीम द्वारा विद्यालयों एवं गांव में आशा तथा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के साथ डायरिया रोकथाम हेतु वृह्द जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा विद्यालय एवं गांव-गांव जाकर गोष्ठी आयोजित कर, आम जनमानस को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए हाथों की सफाई से संबंधित भौतिक रूप से प्रदर्शन कर, जानकारी दी जा रही है। साथ ही आवश्यकतानुसार ओआरएस एवं अन्य औषधियां वितरित की जा रही हैं।

Parvatanchal