आफ़त: मेरग लाल बाजार में सड़क कटने से नीति बार्डर हाईवे हुआ बंद

आफ़त: मेरग लाल बाजार में सड़क कटने से नीति बार्डर हाईवे हुआ बंद
Spread the love

चमोली। मूसलाधार बारिश के कारण बदरीनाथ नेशनल हाईवे गुलाबकोटी, पागलनाला, हेलंग, पातालगंगा में बंद हो गया था, जिसके बाद हेलंग में सड़क सुबह साढ़े सात बजे, टंगणी पागल नाले में सुबह करीब आठ बजे और गुलाबकोटी में सवा दस बजे वाहनों की आवाजाही के लिए खुल गई। जहां सड़क खुली है वहां पर काफी दलदल है। जिस कारण यात्रा वाहनों को यहां से निकलने में काफी परेशानी हो रही है। वहीं हाईवे अभी भी पातालगंगा में बंद है। उधर, मेरग लाल बाजार में बार्डर हाईवे में देर रात बारिश से भारी कटाव के कारण यहां पर सड़क का बड़ा हिस्सा टूट गया है। इंस्पेक्टर जोशीमठ राकेश चन्द्र ने बताया कि बीआरओ ने यहां पर नीचे की ओर दीवार पुस्ता लगाने का कार्य शुरू कर दिया है।

बदरीनाथ में अलकनंदा किनारे न जाने की अपील
बदरीनाथ में अलकनन्दा नदी और सहायक नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। पुलिस ने तीर्थयात्रियों समेत सभी लोगों को अलकनंदा किनारे न जाने के लिए सतर्क किया है। बदरीनाथ के थानाध्यक्ष नवनीत सिंह भंडारी ने बताया कि पुलिस ने बदरीनाथ में अलकनंदा के तट समेत अलग-अलग स्थानों पर चेतावनी फ्लैक्स लगवाए हैं। इसके साथ ही लगातार माइक और वाहनों से अनाउंसमेंट कर लोगों सतर्क रहने की अपील की है।

Parvatanchal