आफ़त: भारी बारिश के चलते बढ़ीं दुश्वारियां, जौनसार क्षेत्र की सत्रह सड़कें रहीं बंद
विकासनगर। गुरुवार दोपहर तक हुई बारिश के कारण जौनसार बावर की लाइफ लाइन कालसी-चकराता मोटर मार्ग सहित जौनसार क्षेत्र के करीब सत्रह सड़कें यातायात के लिए बाधित रहीं। बंद सड़कों में एक राज्य, एक जिला, तीन पीएमजीएसवाई और बारह ग्रामीण मार्ग शामिल रहे। इन सड़कों के बंद होने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।बरसात का मौसम पहाड़ों में दुश्वारियां लेकर आता है। बारिश शुरू होने के बाद से ही रोजाना क्षेत्र के मोटर मार्ग बंद हो रहे हैं। इससे स्थानीय ग्रामीणों को परेशान होना पड़ रहा है। गुरुवार को भी क्षेत्र के सत्रह मोटर मार्ग यातायात के लिए बाधित रहे। पिछले चार दिन से बंद बोसान मोटर मार्ग आज भी नहीं खुल पाया। उधर, लोक निर्माण विभाग चकराता के अंतर्गत आने वाले पुरोड़ी-हयो-टगरी मोटर मार्ग छह जगह, हयो-टगरी से-मटियावा मोटर मार्ग चार जगह, पुरोड़ी-कुनावा-डांडा मोटर मार्ग तीन जगह, कोटी-कनासर-रजाणु- पिंगवा मोटर मार्ग दो जगह, कुन्ना-टीपराड़ मोटर मार्ग, रावना-पुरोड़ी मोटर मार्ग, टुंगरा संपर्क मार्ग आदि बंद रहे। सहिया क्षेत्र में आने वाले कालसी-बैराटखाई मोटर मार्ग दो जगह, बिजऊ -कोफ्टी -जोशी ग्राम दातनु -बडनू मोटर मार्ग पांच जगह, हईया-अलसी मोटर मार्ग दो जगह, शम्भू की चौकी -पंजिया बनसार मोटर मार्ग दो जगह, काहा-नेहरा-पुनहा मोटर मार्ग, सराड़ी-लिंक मार्ग दो जगह, प्रधानमंत्री सड़क योजना कालसी के कोठा बैंड से पंजिया मोटर मार्ग दो जगह, गडोल-सकरोल मोटर मार्ग तीन जगह और बोसान मोटर मार्ग यातायात के लिए बाधित रहे। इससे लोगों को आवाजाही में काफी परेशानी झेलनी पड़ी। किसानों की नगदी फसलों से लदे वाहन घंटों सड़कों में फंसे रहे। एसडीएम चकराता योगेश मेहरा ने बताया कि वह लगातार लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के सम्पर्क में हैं। सभी मार्गों को यथाशीघ्र खोलने का प्रयास किया जा रहा है। कुछ जगह सड़क बह जाने और ज्यादा मलबा आने से विलंब हो रहा है।

