शाबाश: मीराबाई चानू ने पहली बार एशियाई खेलों में जीता रजत पदक, ये रिकॉर्ड्स बनाए

शाबाश: मीराबाई चानू ने पहली बार एशियाई खेलों में जीता रजत पदक, ये रिकॉर्ड्स बनाए
Spread the love

नईदिल्ली(RNS)। जापान के आइची-नागोया में जारी एशियाई खेल 2026 में भारत की मीराबाई चानू ने नाम के अनुरूप प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता। महिलाओं के 49 किलोग्राम भारवर्ग में उन्होंने कुल 198 किलोग्राम उठाते हुए रजत पदक पर कब्जा जमाया। स्नैच में उनका सबसे अच्छा प्रयास 87 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 111 किलोग्राम था। स्वर्ण पदक नॉर्थ कोरिया की री सॉन्ग गम ने 210 किलोग्राम के साथ जीता। चानू का एशियाई खेलों में पहला पदक है।
चानू का करियर उपलब्धियां भरा रहा है। टोक्यो ओलंपिक में चानू ने रजत पदक जीता था। भारोत्तोलन में यह भारत का केवल दूसरा ओलंपिक पदक था।
वह 48 किलोग्राम भार वर्ग में विश्व चैंपियनशिप 2017 में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं।
इसके अलावा 2022 के विश्व चैंपियनशिप में उन्होंने रजत पदक (49 किलोग्राम) जीता था।
इनके अलावा उन्होंने एशियाई चैंपियनशिप (2020) में भी एक कांस्य पदक जीता था। राष्ट्रमंडल खेलों में वह लगातार 3 स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं।
चानू 2023 के हांगझोउ एशियाई खेलों में पदक से मामूली अंतर से चूक गई थीं। चोट के कारण वह क्लीन एंड जर्क की आखिरी कोशिश पूरी नहीं कर सकी थीं और चौथे स्थान पर रही थीं।
कर्णम मल्लेश्वरी के बाद चानू सभी प्रमुख अंतरराष्ट्रीय भारोत्तोलन प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाली सिर्फ दूसरी भारतीय खिलाड़ी बनीं हैं।
इनमें ओलंपिक, एशियाई खेल, राष्ट्रमंडल खेल, विश्व चैंपियनशिप, एशियाई चैंपियनशिप और राष्ट्रमंडल चैंपियनशिप शामिल हैं।
चानू 1998 के बैंकॉक एशियाई खेलों में मल्लेश्वरी के रजत पदक जीतने के बाद एशियाई खेलों में भारोत्तोलन पदक जीतने वाली भारत की पहली खिलाड़ी हैं।
जुलाई में ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेल 2026 खेला गया था। वहां चानू ने महिलाओं के 48 किलोग्राम भारवर्ग में कुल 190 किलोग्राम उठाते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया था।
चानू ने लगातार तीसरे राष्ट्रमंडल खेलों के संस्करण में स्वर्ण पदक जीता था। वह 2014 में इस खेल में रजत पदक भी जीत चुकी हैं।

Parvatanchal