उपचुनाव: प्रदेश की दोनों सीटें जीतने पर कांग्रेस गदगद , प्रदेश अध्यक्ष ने जताया वोटरों का आभार
चुनावी विजय को बताया संविधान व लोकतंत्र को बचाने के संघर्ष की जीत
सामान्य कार्यकर्ता से लेकर राष्ट्रीय नेतृत्व तक सभी को दिया जीत का श्रेय
देहरादून। उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष करन माहरा ने बद्रीनाथ एवं मंगलौर के उपचुनाव में कांग्रेस के दोनों प्रत्याशियों के विजय होने पर वहां की महान जनता एवं कांग्रेस कार्यकताओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह जीत इंडिया गंठबन्धन की जीत है। गठबंधन के सभी सहयोगियों का इस जीत में योगदान है और भविष्य में भी कांग्रेस कार्यकर्ता इसी प्रकार एक जुटता के साथ लोकतंत्र को बचाने के लिए संघर्ष जारी रखेंगें। वह आने वाली चुनौतियों का सामुहिक रूप से मुकाबला करेंगे। करन माहरा ने कहा कि यह जीत संविधान और लोकतंत्र को जिन्दा रखने की जीत है। इस असवर पर करन माहरा ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेतागणों एवं कार्यकर्ताओं एवं गठबंधन के सभी सहयोगी संगठनों को भी बधाई देते हुए कहा कि दोनों विधानसभाओं में सभी ने रातदिन मेहनत कर कांग्रेस प्रत्याशियों को जीत दिलाये जाने का काम किया है, इसके लिए सब बधाई के पात्र हैं।
करन माहरा ने बद्रीनाथ से लखपत बुटोला एवं मंगलौर से काजी निजामुद्दीन को विधायक चुने जाने पर कांग्रेस भवन देहरादून में दोनों प्रत्याशियों के विजयी होने पर पटाखे एवं मिठाई बांटकर खुशी जाहिर करते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे, नेता प्रतिपक्ष लोकसभा राहुल गांधी, प्रदेश प्रभारी कुमारी शैजला एवं सह प्रभारी श्रीमती दीपिका पाण्डेय सिंह के सफल मार्गदर्शन के लिए उनका धन्यवाद व्यक्त किया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे एवं जननायक राहुल गांधी के सफल नेतृत्व में देश में लगातार कांग्रेस पार्टी संघर्ष कर रही है और नित नये आयाम गढ़ रही है। उन्होंने कहा कि जिस तरह राज्य सरकार के इशारे पर चुनाव को प्रभावित करने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा काम किया गया, उसे पूरे राज्य ने देखा है। मंगलौर विधानसभा में भाजपा के जिन उपद्रवियों द्वारा मतदान के दौरान खुलेआम गोलियां चलाई गईं वह आज भी खुलेआम घूम रहे हैं। अभी तक उन लोगों को गिरफतार नहीं किया गया है, जो चिन्ता का विषय है।
करन माहरा ने कहा कि जब से केन्द्र में भाजपा सरकार सत्ता में आई है तब से देश में अराजकता का माहौल बना हुआ है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार विरोधियों को डरा धमकाकर किसी भी हालत में सत्ता हथियाना चाहती है जिसे देश की जनता कभी भी सफल नहीं होने देगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता तिल का ताड़ बनाने में माहिर हैं, झूठ बोलकर सत्ता केवल और केवल एक बार हासिल की जा सकती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही एक ऐसी पार्टी है जो देश को एक सूत्र में बांधने का काम कर सकती है और ’’सर्वधर्म समभाव’’ को जिन्दा रख सकती है।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट, विधायक विक्रम सिंह नेगी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष संगठन/प्रशासन मथुरा दत्त जोशी, सूर्यकान्त धस्माना, अमरजीत सिंह, पूरन सिंह रावत, महामंत्री नवीन जोशी, मुख्य प्रवक्ता गरिमा माहरा दसौनी, प्रवक्ता शीशपाल सिंह बिष्ट, गोदावरी थापली, विरेन्द्र पोखरियाल, प्रवीन त्यगी, मानवेन्द्र सिह, महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. जसविन्दर सिंह गोगी, आशीष नौटियाल, प्रवक्ता मोहन काला, सुलेमान अली, सलीम खान, मनीष नागपाल, अभिनव थापर, दर्शन लाल, प्रदेश, राजेश चमोली, विनोद डबराल, अवधेश पन्त, सुशील राठी, गिरिराज किशोर हिन्दवाण, अनूप कपूर, पिया थापा, ललित भद्री, अनुराग मित्तल, मो. बिरेन्द्र पंवार, नजमा खान, जगदीश धीमान, सरिता नेगी, सूरज क्षेत्री, आदर्श सूद, गुल मौहम्मद, शरीफ अहमद बेग, अनुराधा तिवाड़ी व सावित्री थापा आदि ने भी विजयी दोनों विधायकों को बधाई एवं शुभकामनायें दी है।

