जयहिंद: एसएसपी ने शहीद जवानों के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर दी श्रद्धांजलि
राजेन्द्र शिवाली
कोटद्वार। देश की रक्षा के लिए जम्मू कश्मीर के कठुआ में आतंकी हमले में जनपद पौड़ी गढ़वाल के ग्राम कर्तिया (नोदानु ), तहसील रिखणीखाल निवासी कमल सिंह एवं ग्राम -डोबरिया, तहसील रिखणीखाल निवासी अनुज नेगी 8 जुलाई की रात्रि आतंकी हमले में देश के लिए शहीद हो गये थे। 9 जुलाई को शहीद कमल सिंह एवं अनुज नेगी के पार्थिव शरीर को भारतीय सेना के हेलीकॉप्टर से कोटद्वार लाया गया। जहां से उनके पार्थिव शरीरों को आज उनके पैतृक निवास स्थानों पर ले जाया गया। उनके पैतृक गांव में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह तथा अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार श्रीमती जया बलोनी आदि द्वारा समस्त पौड़ी पुलिस परिवार की ओर से शहीद वीर जांबाज कमल सिंह एवं अनुज नेगी को पुष्प अर्पित कर नम आंखों से श्रद्धांजलि दी गई। वीर बलिदानी कमल सिंह वर्ष 2007 एवं वीर बलिदानी अनुज नेगी वर्ष 2018 में भारतीय सेना की 22वीं गढ़वाल राईफल में भर्ती हुए थे। एसएसपी सिंह ने कहा कि आज पूरा देश इस प्रकार की घटना से बहुत दु:खी है। दूसरी ओर ऐसे वीरों से देश खुद को गौरवान्वित भी महसूस करता है। उत्तराखण्ड पुलिस परिवार इस दुःख की घड़ी में शहीद परिवारों के साथ है एवं भगवान से प्रार्थना करती है कि शहीद वीर जांबाज कमल सिंह एवं अनुज नेगी के परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति दे एवं दिवगंत आत्माओं को शान्ति प्रदान करे।

