संदेहजनक: मसूरी के लिए निकला लेकिन पहुंचा नहीं, रविवार को खाई में मिली युवक की लाश
संवाददाता
देहरादून, 05 सितंबर। मसूरी देहरादून मार्ग के चुनाखाला के पास एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। शव की सूचना पर मसूरी पुलिस कोतवाल राजीव रौथाण के नेतृत्व में घटना स्थल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि मृतक बिजनौर का रहने वाला था। वह 3 सितंबर को बिजनौर से मसूरी के लिए चला था परंतु और मसूरी नहीं पहुंच पाया था। इस पर युवक के परिजनों ने बिजनौर पुलिस और मसूरी पुलिस से युवक के ना मिलने की सूचना दी थी। इस पर पुलिस द्वारा कार्रवाई करते हुए युवक की तलाश शुरू की गई। रविवार को मसूरी चूनाखाले के पास युवक की बाइक दिखाई दी जिसकी निशानदेही पर युवक की तलाश की गई तो युवक मृत अवस्था में खाई में पड़ा हुआ मिला। स्थानीय जनता द्वारा पुलिस को शव मिलने की सूचना दी गई। कोतवाल राजीव रौथाण ने बताया कि मृतक की पहचान सानिद बेग पुत्र तौकीर बेग, उम्र 35 निवासी- गांव खुसयाकी, थाना- किरतपुर, बिजनौर (यूपी) के तौर पर की गई। इसके बाद युवक के परिजनों को घटना की सूचना दी गई है।युवक के शव को मसूरी उप जिला चिकित्सालय में लाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूरी घटना की जांच की जा रही है। युवक खाई में कैसे गिरा, इसकी भी जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ के लिए टीम भेजी गई है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों को भी देखा जा रहा है।

