शिकंजा: पहाड़ से लेकर आ रहे थे लाखों की चरस, बाइक समेत चढ़ गए पुलिस के हत्थे

शिकंजा: पहाड़ से लेकर आ रहे थे लाखों की चरस, बाइक समेत चढ़ गए पुलिस के हत्थे
Spread the love

टिहरी। पहाड़ों से चरस लेकर आ रहे दो शातिरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से एक किलो चरस व तस्करी में प्रयुक्त बाइक भी बरामद की गयी है।
जानकारी के अनुसार, थाना देवप्रयाग पुलिस को सूचना मिली कि क्षेत्र में कुछ नशा तस्कर नशीले पदार्थों की बड़ी खेप सहित आने वाले हैं। सूचना पर कार्यवाही करते हुए पुलिस ने क्षेत्र में तलाशी अभियान चला दिया। इस दौरान पुलिस को बछेलीखाल में बाइक सवार दो संदिग्ध आते हुए दिखायी दिये। पुलिस ने जब उन्हें रोकना चाहा तो वह बाइक मोड़कर भागने लगे। इस पर उन्हें घेर कर रोका गया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक किलो चरस बरामद हुई। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम बृजेश ध्यानी पुत्र कमल किशोर ध्यानी, निवासी लेन नंबर 3 बापूग्राम, वीरभद्र ऋषिकेश (देहरादून) व कुणाल जाटव पुत्र स्व.राकेश कुमार जाटव, निवासी मकान नंबर 30, जीवनी माई मार्ग पुरानी मंडी ऋषिकेश (देहरादून) बताया। उन्होंने बताया कि यह चरस वे जनपद चमोली के हेलांग से लाये हैं और अक्सर वहां से चरस लाते हैं, जिसे ऋषिकेश में सिगरेट के अंदर भर-भर कर इसके शौकीन लोगों को, कॉलेज के छात्रों को और ठेकेदारों को ऊंचे दामों में बेचते हैं। बहरहाल, पुलिस ने उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। बरामद चरस की अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख रुपए बतायी जा रही है।

Parvatanchal