शातिर: चमकाने के नाम पर उड़ा लिए थे लाखों के जेवरात की चोरी, माल और बाइक समेत दो गिरफ्तार
टिहरी। जेवरात चमकाने के नाम पर जेवरात चोरी करने वाले दो शातिरों को पुलिस ने घटना के दो घंटे बाद ही गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से चुराये गये जेवरात व घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद की गयी है।
जानकारी के अनुसार, बीते रोज सरोजनी देवी निवासी ग्राम धर्मपुर द्वारा थाना देवप्रयाग में तहरीर देकर बताया गया कि दो अनजान व्यक्तियों द्वारा उनके घर में आकर सोना चांदी के जेवरों को पाउडर से चमकने की बात कहकर उनसे गहने लिए। इस दौरान उन्हें धोखे में रखकर जेवर चोरी कर लिये गये। मामले की गम्भीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गयी। आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस टीम द्वारा सीसी टीवी कैमरे खंगाले गये तो उसमें घटना के समय दो पुरुष पीड़िता के घर के पास सीसीटीवी में दिखाई दिये, जिनकी पीड़िता द्वारा पहचान कर ली गयी। पुलिस टीम ने मात्र 2 घंटे के अंदर ही घटना में प्रयुक्त बाइक सहित दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम चंदन शाह पुत्र स्व. सरगुज शाह व सुशील शाह पुत्र महादेव शाह, निवासी ग्राम चकला मौलानगर चमेली, थाना फलका, पोस्ट मौलानगर, जिला कटिहार (बिहार) बताया। बताया कि वे लोग पहाड़ी क्षेत्रों में घूम-घूम कर जेवरों को सफाई के नाम पर हेर फेर कर जेवरातों को उड़ा लेते हैं। वे ज्यादातर उन घरों में जाते हैं जहां महिलाएं अकेली होती हैं। आरोपियों के कब्जे से चुराये गये जेवरात भी बरामद किये गये हैं। बहरहाल पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।

