शिकंजा: सेक्सटर्शन के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी करने वाले अंतर्राज्यीय गैंग का ठग गिरफ्तार
पौड़ी। लाखों की धोखाधड़ी करने वाले अंर्तराज्यीय गैंग के एक ठग को पुलिस ने जयपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी गैंग के सदस्य फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर आम लोगों से सेक्सटर्शन के नाम पर पुलिस थानों में एफआईआर दर्ज होने का भय दिखाकर धोखाधड़ी किया करते थे।
जानकारी के अनुसार, बीती 3 मई को देव सिंह पुंडीर पुत्र सते सिंह पुंडीर, निवासी निकट पुलिस लाइन पौड़ी, थाना पौड़ी (पौड़ी गढवाल) ने कोतवाली पौड़ी पर शिकायती पत्र देकर बताया कि अज्ञात व्यक्ति ने उनके व्हाट्स ऐप पर वीडियो काॅलिंग के दौरान वीडियो बनाकर ब्लैक मेल किया तथा उसके खिलाफ राजस्थान पुलिस में एफ.आई.आर. दर्ज होने व उसे डरा धमकाकर व धोखाधड़ी कर उससे 4 लाख 20 हजार रुपये की धनराशि अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करा ली गयी है। मामले की गम्भीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी।
जांच के दौरान गठित पुलिस टीम द्वारा ठोस साक्ष्य संकलन व कुशल सुरागरसी पतारसी कर अथक प्रयासों से उक्त मुकदमे में संलिप्त आरोपी विशाल वाल्मीकि को जयपुर, राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया गया है। जिसे न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया है जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस लगातार प्रयासरत है। उक्त मुकदमे में संलिप्त महिला माया देवी पत्नी रवि कुमार, निवासी कुसुमपुर अजीतगढ़, थाना अजीतगढ़ जिला नीमकाथाना, राजस्थान को 41 सीआरपीसी का नोटिस दिया गया है।

