शर्मनाक: भाजपा राज में रक्षक ही बन गया भक्षक, चौकी इंचार्ज ने महिला से किया दुष्कर्म, भड़का विपक्ष

शर्मनाक: भाजपा राज में रक्षक ही बन गया भक्षक, चौकी इंचार्ज ने महिला से किया दुष्कर्म, भड़का विपक्ष
Spread the love

 

कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसोनी ने सरकार पर लगाया व्यभिचारियों को शह देने का आरोप

देहरादून। यहां रायपुर थाना क्षेत्र के तहत मयूर विहार चौकी इंचार्ज द्वारा एक महिला से दुष्कर्म मामले में उत्तराखंड कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसोनी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। यहां प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए दसोनी ने कहा कि भाजपा राज में जिस तरह से बलात्कारियों और व्यभिचारियों को प्रश्रय मिल रहा है, उससे अब पुलिस कर्मियों के हौसले भी बुलंद हो रहे हैं।
दसोनी ने कहा कि आज भाजपा सरकार में सबसे ज्यादा यदि कोई प्रताड़ित है तो वह मातृ शक्ति है, महिलाएं हैं। भारतीय जनता पार्टी की सरकार का नारा बन गया है, ‘बलात्कारी बचाओ बलात्कारी भगाओ’। भाजपा में अत्याचारियों, व्यभिचारियों, भ्रष्टाचारियों सबको शरण दी जाती है, और जो बेटियां गुहार लगाती हैं उन्हें सजा दे दी जाती है। दसोनी ने कहा कि ताजा मामला योगा ट्रेनर का है जिसका पति कनाडा में रहता है, फरवरी 2023 में उनके घर में चोरी हुई और उसकी शिकायत करने वह मयूर विहार चौकी इंचार्ज मनोज भट्ट के संपर्क में आई, परंतु पीड़िता को क्या पता था कि रक्षक ही भक्षक बन जाएगा। दरोगा भट्ट ने वर्दी की आड़ में पीड़ित महिला को अपनी हवस का शिकार बना डाला। गरिमा दसोनी ने कहा कि पिछले दिनों जनपद चमोली की दो नाबालिग बच्चियों के साथ दुष्कर्म की खबरें आई, पुरोला में एक अध्यापक के द्वारा अपनी ही नाबालिग शिष्या के साथ किए दुष्कर्म मामले में लीपापोती का भरसक प्रयास किया गया।

कांग्रेस प्रवक्ता गरिमा दसोनी ने कहा कि मोदी सरकार के सत्ता में आने के बाद एनसीआरबी के आंकड़ों के अनुसार महिलाओं के खिलाफ अपराध दर 64.4 प्रतिशत हो गई है, जो 2014 में 54 प्रतिशत थी। पिछले दस सालों में महिला अपराधों में बेतहाशा वृद्धि हुई है।आज देश के कोने कोने से भाजपा राज में महिलाओं की चीख-चीत्कार सुनाई दे रही है। जिस बेटी ने भाजपा सरकार से गुहार लगाई उस बेटी ने सजा पाई। हाथरस से हासन तक, मणिपुर से उन्नाव तक, पौड़ी गढ़वाल से सोनभद्र तक, कैसरगंज से वाराणसी तक भाजपाई सत्ता की सरपरस्ती बलात्कारियों के साथ है।

दसोनी के मुताबिक,आज महिलाएं भाजपा सराकर में हर तरह से प्रताड़ित की जा रही हैं, दुष्कर्म से, महंगाई से, अपनी काबिल संतानों की बेरोजगारी से, कुपोषण से और कार्यस्थलों पर हो रहे भेदभावों से।

उन्होंने कहा कि आज समूचे देश की महिलाएं एक स्वर में यह आवाज उठा रही हैं कि मोदी सरकार को हटाइये महिलाओं को सशक्त बनाइये।

उन्होंने कहा कि कैसरगंज से भाजपा नेता ब्रजभूषण शरण पर अन्तर्राष्ट्रीय महिला कुश्ती पहलवान बेटियों के साथ यौन उत्पीड़न के आरोप तय कर दिये गये हैं, मगर दुर्भाग्यपूर्ण बात यह है कि उनके सुपुत्र को भाजपा द्वारा प्रत्याशी बनाकर महिला पहलवानों का अपमान किया गया है।

इसी तरह हासन (कर्नाटक) से भाजपा गठबंधन दल के सांसद प्रज्वल रेवन्ना की दरिंदगी के वीडियो देश में आज चर्चा का विषय बने हुए हैं। हजारों यौन उत्पीड़न के मामलों को जानने के बावजूद प्रधानमंत्री ने उन्हें सार्वजनिक सभा में आशीर्वाद देकर उनके लिए समर्थन मांगा।
कांग्रेस प्रवक्ता गरिमा दसोनी ने कहा कि चाहे उन्नाव से कुलदीप सेंगर हों, उप्र के रामदुलार गोड़ हों, कर्नाटक के रमेश जारकीहोली, वाराणसी से कन्हैयालाल मिश्र, उत्तराखंड के पुलकित आर्या, हरियाणा के संदीप सिंह सैनी, बीएचयू के दोषी कुणाल, आनंद और सक्षम पटेल या केरल के पदम राजन, इन सब पर गंभीर धाराओं में महिला दुष्कर्म के आरोप दर्ज होने के बावजूद उन पर भाजपा सरकारों की सरपरस्ती कायम है।

दसोनी के मुताबिक, गृह मंत्रालय द्वारा हाल ही में जारी की गई रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि आज उत्तराखंड नौ हिमालयी राज्यों में महिला अपराधियों के गढ़ में तब्दील हो गया है।

Parvatanchal